केदारनाथ धाम के कपाट खुले, जय श्री केदार के जयघोष से गूंजा धाम

0
6

Kedarnath Temple Opens 2026 | Kedarnath Dham Kapaat Opening | Char Dham Yatra Begins

ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट विधि-विधान के साथ खुले, आस्था से गूंजा पूरा धाम

51 क्विंटल फूलों से सजा केदारनाथ धाम, हेलीकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा

रुद्रप्रयाग, 22 अप्रैल 2026

आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा के अद्भुत संगम के बीच केदारनाथ मंदिर के कपाट बुधवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। प्रातः 8 बजे शुभ मुहूर्त में जैसे ही कपाट खुले, पूरा धाम “हर-हर महादेव” और “जय श्री केदार” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न की गई।

इस दिव्य अवसर के साक्षी बनने के लिए पुष्कर सिंह धामी भी धाम में उपस्थित रहे। उन्होंने बाबा केदारनाथ के दर्शन कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं कल्याण की कामना की। सिख रेजीमेंट के बैंड की भक्तिमय धुनों के बीच कपाट उद्घाटन का यह पावन क्षण और भी अलौकिक हो उठा।

मुख्यमंत्री धामी ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केदारनाथ धाम सनातन धर्म की आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ-साथ भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि बाबा केदार के आशीर्वाद से इस वर्ष की चारधाम यात्रा भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। साथ ही उन्होंने उत्तराखंडवासियों से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के प्रति सेवा, सहयोग और आतिथ्य भाव बनाए रखने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वर्ष 2013 की आपदा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ धाम का भव्य और दिव्य पुनर्निर्माण किया गया, जिसने इसे वैश्विक स्तर पर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना दिया है।

फूलों से सजा धाम, भक्ति में सराबोर श्रद्धालु

भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर से गुप्तकाशी, फाटा और गौरीकुंड होते हुए मंगलवार शाम धाम पहुंची थी। कपाट खुलने की प्रक्रिया प्रातः 5 बजे से शुरू हुई।

रावल भीमाशंकर लिंग, पुजारी टी. गंगाधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, तीर्थ पुरोहित उमेश चंद्र पोस्ती सहित धर्माचार्यों और वेदपाठियों ने मंदिर के गर्भगृह में विधिवत पूजा-अर्चना की। देव आवाहन और लोककल्याण के संकल्प के साथ ठीक 8 बजे कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।

कपाट उद्घाटन के इस विशेष अवसर पर मंदिर को 51 क्विंटल से अधिक फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। कपाट खुलते ही हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।