जनसुनवाई में पुष्कर सिंह धामी सख्त, समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

0
6

CM Pushkar Singh Dhami Public Hearing Dehradun | जनसुनवाई में त्वरित समाधान के निर्देश

देहरादून, शनिवार। पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने आमजन से सीधे संवाद करते हुए उनकी शिकायतों को गंभीरता से लिया और कई मामलों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया।

मुख्यमंत्री ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक सहायता से जुड़े प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि जनहित से संबंधित सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण किया जाए। साथ ही यह भी निर्देशित किया कि किसी भी शिकायत के समाधान में अनावश्यक देरी न हो और प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य शासन-प्रशासन को अधिक संवेदनशील, जवाबदेह और पारदर्शी बनाना है, ताकि जनता को शीघ्र राहत मिल सके। उन्होंने जनसुनवाई को सरकार और जनता के बीच एक सशक्त संवाद माध्यम बताते हुए कहा कि इससे न केवल समस्याओं का त्वरित समाधान संभव होता है, बल्कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली में भी निरंतर सुधार आता है।

इस अवसर पर उत्तराखंड फिल्म टेलीविजन एंड रेडियो एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने राज्य में प्रभावी और दूरदर्शी फिल्म नीति लागू करने पर मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र सौंपा और आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नई फिल्म नीति के चलते उत्तराखंड फिल्म निर्माण के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में उभर रहा है, जिससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं।

जन जागरण अभियान समिति के तहत विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने राज्य सरकार की 15 प्रमुख योजनाओं पर आधारित आकर्षक पोस्टर प्रस्तुत किए। छात्राओं ने इन योजनाओं से समाज के विभिन्न वर्गों को मिल रहे लाभ के लिए सरकार के प्रति आभार जताया। मुख्यमंत्री ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक और प्रशासनिक विषयों के प्रति संवेदनशील बनाती हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और युवा विकास के क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रही है और भविष्य में भी जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।

कार्यक्रम में आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव जे.सी. कांडपाल, अपर आयुक्त गढ़वाल उत्तम सिंह चौहान सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।