देहरादून में हर बुधवार बन रहे दिव्यांग प्रमाण पत्र, 600 से अधिक यूडीआईडी कार्ड जारी

0
6

Disability Certificates Every Wednesday in Dehradun, 600+ UDID Cards Issued at DDRC

हर बुधवार बन रहे दिव्यांग प्रमाण पत्र, सैकड़ों लाभार्थियों को मिल रही राहत

सितंबर 2025 से अब तक 600 से अधिक यूडीआईडी कार्ड जारी, 250 प्रमाण पत्रों का नवीनीकरण

डीएम सविन बंसल की पहल से डीडीआरसी बना दिव्यांगजनों के लिए सहारा

हेल्पलाइन 8791009301 पर घर बैठे मिल रही दिव्यांग सेवाओं की जानकारी

स्पीच, फिजियो और लर्निंग थेरेपी से निखर रही दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा

देहरादून।
मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन एवं जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में जनपद देहरादून में दिव्यांगजनों के हित में चलाए जा रहे प्रयास अब धरातल पर सकारात्मक परिणाम देने लगे हैं। कर्जन रोड स्थित गांधी शताब्दी जिला चिकित्सालय में संचालित जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी) दिव्यांगजनों के लिए राहत, सुविधा और भरोसे का केंद्र बनकर उभरा है।

डीडीआरसी के माध्यम से दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ, प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड तथा पुनर्वास सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे न केवल उनकी प्रशासनिक परेशानियां कम हुई हैं, बल्कि उन्हें समाज में सम्मान और समान अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं।

प्रत्येक बुधवार को बन रहे दिव्यांग प्रमाण पत्र

स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांधी शताब्दी जिला चिकित्सालय में प्रत्येक बुधवार को दिव्यांग बोर्ड आयोजित किया जा रहा है, जहां विभिन्न श्रेणियों के दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र बनाए जा रहे हैं। इससे लाभार्थियों को पेंशन, छात्रवृत्ति, यात्रा रियायत, उपकरण सहायता और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आसानी हो रही है।

इसके अतिरिक्त, डीडीआरसी द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 8791009301 के माध्यम से दिव्यांगजन घर बैठे आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन भी प्राप्त कर रहे हैं।

600 से अधिक यूडीआईडी कार्ड जारी

जिलाधिकारी की पहल पर सितंबर 2025 में गांधी शताब्दी अस्पताल में डीडीआरसी की शुरुआत की गई थी। केंद्र के संचालन के लिए अस्पताल परिसर में चार विशेष कक्ष उपलब्ध कराए गए हैं।

जिला समाज कल्याण विभाग के अनुसार, केंद्र शुरू होने के बाद से अब तक 600 से अधिक दिव्यांगजनों के यूडीआईडी (यूनिक डिसेबिलिटी आईडी) कार्ड बनाए जा चुके हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग की दिव्यांग बोर्ड द्वारा 600 नए दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं तथा लगभग 250 प्रमाण पत्रों का नवीनीकरण भी किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2009 से अब तक जनपद देहरादून में कुल 30,739 दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए जा चुके हैं, जबकि 1,064 प्रमाण पत्रों का नवीनीकरण किया गया है।

लाभार्थियों को मिल रही बड़ी राहत

दून निवासी दिव्यांग लाभार्थी मनोज बहुगुणा ने बताया कि लंबे समय से उन्हें यूडीआईडी कार्ड बनवाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। डीडीआरसी की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने केंद्र पहुंचकर आवेदन किया, जहां दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका यूडीआईडी कार्ड तैयार हो गया। उन्होंने इस सुविधा के लिए जिला प्रशासन और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।

विकासनगर में भी मिल रही सेवाएं

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि गांधी शताब्दी जिला चिकित्सालय के साथ-साथ उप जिला चिकित्सालय (एसडीएच) विकासनगर में भी दिव्यांगजनों को नियमित सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि विकासनगर में प्रत्येक मंगलवार को दिव्यांग बोर्ड आयोजित किया जाता है, जहां प्रमाण पत्र जारी करने के साथ-साथ लाभार्थियों को आवश्यक प्रमाणन सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं।

दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष निशुल्क थेरेपी

जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र में दिव्यांग बच्चों के समग्र विकास के लिए विशेष निशुल्क सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। केंद्र में बच्चों को स्पीच थेरेपी, फिजियोथैरेपी और लर्निंग थेरेपी प्रदान की जा रही है।

विशेषज्ञों की देखरेख में दी जा रही इन सेवाओं से बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास में सकारात्मक सुधार देखने को मिल रहा है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि दिव्यांग बच्चों को बेहतर उपचार, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सके।