Free Assistive Devices Camp: देहरादून में दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को मिलेंगे निःशुल्क सहायक उपकरण, 21-26 सितंबर तक 11 शिविर

0
10

Dehradun: 11 Free Assistive Device Camps from September 21-26

देहरादून में दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को मिलेंगे निःशुल्क सहायक उपकरण, 21 से 26 सितंबर तक 11 चिन्हीकरण शिविर

 

Dehradun will host 11 identification camps from September 21-26 for persons with disabilities and senior citizens to receive free assistive devices.

 

सेवा संकल्प सप्ताह के तहत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में होंगे शिविर, पात्र लाभार्थियों का किया जाएगा चयन

 

देहरादून।
दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को उनकी आवश्यकतानुसार निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से देहरादून जनपद में 21 से 26 सितंबर 2026 तक विशेष चिन्हीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। समाज कल्याण विभाग एवं भारत सरकार के उपक्रम भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर के सहयोग से आयोजित होने वाले इन शिविरों में पात्र लाभार्थियों का चिन्हीकरण किया जाएगा।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों के क्रम में जनपद के विभिन्न विकासखंडों एवं निर्धारित स्थलों पर कुल 11 शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों का आयोजन ‘सेवा संकल्प सप्ताह’ के अंतर्गत किया जा रहा है।

शिविरों में दिव्यांगजनों एवं बुजुर्गों की आवश्यकताओं का आकलन कर पात्र लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। चिन्हित पात्र लाभार्थियों को 1 अक्टूबर, अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे।

21 से 26 सितंबर तक यहां लगेंगे शिविर

सभी शिविरों का आयोजन प्रातः 11 बजे से किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार—

  • 21 सितंबर: विकासखंड परिसर सहसपुर एवं विकासखंड परिसर कालसी।
  • 22 सितंबर: नगर पंचायत सेलाकुई, विकासखंड परिसर विकासनगर एवं पंचायत भवन रामनगर डांडा थानों।
  • 23 सितंबर: विकासखंड परिसर डोईवाला एवं पंचायत भवन सभावाला।
  • 24 सितंबर: विकासखंड परिसर रायपुर एवं आंगनबाड़ी केंद्र नवादा चौक, बद्रीपुर।
  • 26 सितंबर: रेसकोर्स वेलफेयर सोसायटी, 120 रेसकोर्स एवं गंगा फार्म, बालावाला।

जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को शिविरों के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों का चिन्हीकरण करने के निर्देश दिए हैं।

शिविर में कौन से दस्तावेज लाने होंगे?

दिव्यांगजनों को शिविर में यूडीआईडी कार्ड एवं आधार कार्ड की छायाप्रति तथा मासिक आय प्रमाण-पत्र साथ लाना आवश्यक होगा।

वहीं, बुजुर्ग लाभार्थियों को आधार कार्ड की छायाप्रति और संबंधित ग्राम प्रधान/पार्षद द्वारा जारी मासिक आय प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा। बुजुर्गों के लिए मासिक आय की निर्धारित सीमा ₹15,000 तक रखी गई है।

जिला प्रशासन ने पात्र दिव्यांगजनों एवं बुजुर्गों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर पहुंचकर शिविर में अपना चिन्हीकरण कराएं, ताकि पात्र लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जा सके।