देहरादून के पैनिसिया अस्पताल में आग | 1 की मौत, 16 घायल

0
7

Fire Breaks Out at Panacea Hospital Dehradun | One Dead, 16 Injured

अस्पताल में फंसे मरीजों को सुरक्षित निकाला गया, सभी भर्ती मरीज अन्य अस्पतालों में शिफ्ट

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, एक महिला की मौत, 16 लोग घायल

देहरादून।
राजधानी देहरादून के आईएसबीटी मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में बुधवार सुबह आग लगने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि जिला प्रशासन, पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ एवं स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और अस्पताल में भर्ती मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। 

जानकारी के अनुसार बुधवार प्रातः लगभग 09:35 बजे जिला आपदा कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि रिस्पना पुल से आगे आईएसबीटी रोड स्थित पैनिसिया अस्पताल में अचानक आग लग गई है। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू करते हुए पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ तथा अन्य संबंधित एजेंसियों की संयुक्त टीमों को मौके पर रवाना किया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना के समय अस्पताल में कुल 14 मरीज भर्ती थे। आग लगने के बाद अस्पताल परिसर में धुआं फैलने से मरीजों एवं उनके परिजनों में दहशत का माहौल बन गया। राहत टीमों ने बिना समय गंवाए अस्पताल में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

संयुक्त राहत एवं बचाव दलों ने अस्पताल के विभिन्न हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चलाकर फंसे सात लोगों को सकुशल बाहर निकाला। गंभीर मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पतालों में रेफर किया गया। अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों को सुरक्षित रूप से अन्य चिकित्सालयों में स्थानांतरित कर दिया गया है।

फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीमों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूर्ण नियंत्रण प्राप्त किया। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने अस्पताल भवन को खाली कराकर पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

घटना में वीरवती (66 वर्ष) नामक महिला की दम घुटने से मृत्यु होने की सूचना है। इसके अलावा कुल 16 लोग घायल हुए हैं। घायलों में अस्पताल में भर्ती मरीज, उनके परिजन, पुलिसकर्मी एवं फायर सर्विस के जवान शामिल हैं। सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है।

राहत अभियान के दौरान फायर सर्विस एवं पुलिस विभाग के तीन कर्मी भी घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। स्वास्थ्य विभाग लगातार घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

आग लगने से अस्पताल भवन के कुछ हिस्सों, विशेष रूप से सीलिंग एवं आंतरिक संरचना को आंशिक नुकसान पहुंचा है। जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को घटना की विस्तृत जांच करने तथा क्षति का आकलन तैयार करने के निर्देश दिए हैं।