उत्तराखंड में 332 नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र, CM धामी बोले- सेवाभाव और संवेदनशीलता से निभाएं जिम्मेदारी

0
10

Uttarakhand: CM Dhami Gives Appointment Letters to 332 Personnel

आयुष और ईएसआई के 332 नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र, सीएम धामी ने कहा- सेवाभाव और संवेदनशीलता से निभाएं जिम्मेदारी

 

CM Dhami handed appointment letters to 332 Ayush and ESI personnel, stressing transparent recruitment, healthcare expansion and public service.

देहरादून, 05 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में आयुष विभाग के 271 और कर्मचारी राज्य बीमा योजना (ईएसआई) के अंतर्गत 61 एलोपैथिक फार्मेसी अधिकारियों समेत कुल 332 नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने सभी नव नियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे सेवाभाव, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र मिलना युवाओं के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। सरकारी सेवा में प्रवेश के साथ ही उनके कंधों पर जनसेवा की बड़ी जिम्मेदारी भी आती है। उन्होंने कहा कि नव नियुक्त कार्मिक सरकारी नौकरी को केवल रोजगार का माध्यम न मानें, बल्कि इसे समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर सेवाएं पहुंचाने और उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के अवसर के रूप में देखें।

उन्होंने कहा कि आयुष विभाग और कर्मचारी राज्य बीमा योजना से जुड़े कार्मिकों की जिम्मेदारी सीधे लोगों के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ी है। दूरदराज क्षेत्रों से उपचार के लिए सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में पहुंचने वाले लोगों के मन में व्यवस्था से जुड़ी उम्मीद और भरोसा होता है। कार्मिकों की संवेदनशीलता, तत्परता और कार्यकुशलता इस भरोसे को मजबूत करती है।

मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त कार्मिकों से कहा कि वे जिस भी स्थान पर सेवा दें, वहां अपनी कार्यशैली से उदाहरण प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचने वाला प्रत्येक व्यक्ति एक उम्मीद लेकर आता है। ऐसे में कार्मिक का सही निर्णय, तत्परता और ईमानदार प्रयास जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकता है।

पारदर्शी भर्ती व्यवस्था से युवाओं को मिल रहा योग्यता का अधिकार

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में भर्ती व्यवस्था को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए हैं। नकल माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ ही सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश के युवाओं को उनकी मेहनत और योग्यता के आधार पर सरकारी सेवाओं में अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है। मुख्यमंत्री ने इसे राज्य सरकार की पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम बताया।

उत्तराखंड को आयुष प्रदेश और ग्लोबल वेलनेस हब बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड योग, आयुर्वेद और औषधीय जड़ी-बूटियों की समृद्ध परंपरा वाला राज्य है। राज्य सरकार उत्तराखंड को मॉडल ‘आयुष प्रदेश’ और ‘ग्लोबल वेलनेस हब’ के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जनपदों में आयुष सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। पंचकर्म सेवाओं को आधुनिक बनाने के साथ आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। ई-संजीवनी के माध्यम से लोगों को घर बैठे विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिल रही है, जबकि ‘आयुष सेतु पोर्टल’ भी आयुष सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के कई होमस्टे को आसपास के आयुर्वेद चिकित्सालयों की वेलनेस सेवाओं से जोड़ा गया है। सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों और यात्रियों को योग, आयुर्वेद और पंचकर्म के माध्यम से स्वास्थ्य, मानसिक शांति और बेहतर वेलनेस अनुभव उपलब्ध कराया जा सके।

13 जिलों तक पहुंची कर्मचारी राज्य बीमा योजना की स्वास्थ्य सेवाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत स्वास्थ्य सेवाओं का भी लगातार विस्तार किया जा रहा है। पहले ईएसआई योजना प्रदेश के छह जनपदों में संचालित थी, जिसे अब सभी 13 जनपदों तक विस्तारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि रुद्रपुर में 100 बेड के ईएसआई अस्पताल का संचालन शुरू हो चुका है। हरिद्वार में 300 बेड के ईएसआई अस्पताल का निर्माण कार्य जारी है, जबकि काशीपुर में ईएसआई अस्पताल के लिए भूमि चिन्हित की गई है। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए 47 नए चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने नव नियुक्त कार्मिकों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सेवाभाव के साथ कार्य करने की अपेक्षा की।

उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, क्षमता और समर्पण विकसित एवं सशक्त उत्तराखंड के निर्माण के संकल्प को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

आयुष सेवाओं को जनसुलभ बनाने पर सरकार का फोकस

कार्यक्रम में आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने सभी नव नियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में आयुष सेवाओं को अधिक मजबूत और जनसुलभ बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि नए कार्मिकों के जुड़ने से विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आयुष स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने नव नियुक्त कार्मिकों से पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता कपूर, सचिव श्रम श्रीधर बाबू अद्दांकी, सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा रंजना राजगुरू, अपर सचिव विजय कुमार जोगदण्डे, आकांक्षा कोण्डे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।