देहरादून डीएम डॉ. आशीष चौहान एक्शन मोड में, 115 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई

0
7

Dehradun DM Dr. Ashish Chauhan Takes Swift Action on Public Complaints | Online Grievance System Planned

पदभार संभालते ही एक्शन मोड में दिखे डीएम डॉ. आशीष चौहान, जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर फोकस

ऑनलाइन शिकायत ट्रैकिंग सिस्टम होगा विकसित, हर शिकायत की होगी नियमित मॉनिटरिंग

भूमि विवाद, ऋण माफी, बाढ़ सुरक्षा, आर्थिक सहायता सहित 115 मामलों पर प्रशासन ने लिया संज्ञान

बुलडोजर चलाकर सीमांकन क्षतिग्रस्त करने की शिकायत पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

जर्जर मकान में रह रहे बुजुर्ग की समस्या पर नगर निगम को तत्काल कार्रवाई के आदेश

डॉ. आशीष चौहान ने देहरादून के जिलाधिकारी का पदभार ग्रहण करते ही प्रशासनिक सक्रियता का परिचय दिया। पद संभालने के तुरंत बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए।

देहरादून, 25 मई 2026। सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 115 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें सर्वाधिक मामले भूमि विवाद से संबंधित रहे। इसके अतिरिक्त ऋण माफी, बाढ़ सुरक्षा दीवार निर्माण, आर्थिक सहायता, क्षतिग्रस्त पुलिया, रास्तों और अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता को राहत देने के लिए जिला स्तर पर ऑनलाइन शिकायत ट्रैकिंग एवं समाधान तंत्र विकसित किया जाएगा, ताकि शिकायतकर्ताओं को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रत्येक शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके।

जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान रानीपोखरी ग्रांट क्षेत्र के आठ परिवारों ने मानसून के दौरान बाढ़ के खतरे को देखते हुए सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग उठाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने एसडीएम डोईवाला को सिंचाई विभाग के साथ संयुक्त सर्वेक्षण कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

तुनवाला निवासी मंजू बिष्ट ने शिकायत दर्ज कराई कि कुछ लोगों द्वारा उनकी निजी भूमि पर कब्जे की कोशिश करते हुए तारबाड़ तोड़ी गई तथा बुलडोजर चलाकर भूमि सीमांकन को क्षतिग्रस्त किया गया। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और पुनः सीमांकन कराने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम सदर को तत्काल जांच एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं विकासनगर तहसील में वर्ष 2008 से लंबित भूमि विवाद के मामले में भी शीघ्र निस्तारण के आदेश दिए गए।

चकराता ब्लॉक के ग्राम झिटाड़ में क्षतिग्रस्त पुलिया एवं कठंग नहर की मरम्मत से जुड़ी शिकायत पर जिला विकास अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

सहसपुर निवासी मोहन कश्यप ने आर्थिक संकट का हवाला देते हुए ऋण माफी और मकान नीलामी रुकवाने की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड से लिया गया 40 लाख रुपये का ऋण वे वर्ष 2025 तक नियमित रूप से जमा करते रहे, लेकिन माता के इलाज, निधन, बहनों के विवाह और व्यवसाय में हुए नुकसान के कारण आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई। अब कंपनी द्वारा मकान नीलामी का विज्ञापन प्रकाशित किया गया है। मामले में जिलाधिकारी ने लीड बैंक अधिकारी को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

डालनवाला निवासी सपना ने नर्सिंग शिक्षा जारी रखने के लिए आर्थिक सहायता की मांग रखी, जबकि टीएचडीसी कॉलोनी निवासी अर्ष ने बीएससी नर्सिंग प्रवेश के लिए ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र बनाए जाने की अपील की।

इसके अलावा जर्जर मकान में रह रहे बुजुर्ग प्रेम सिंह की समस्या पर जिलाधिकारी ने नगर निगम अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं रामपुर कलां क्षेत्र में ग्राम समाज की भूमि पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत पर एसडीएम सदर को जांच कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।

जनता मिलन कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) केके मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, एसडीएम स्मृता परमार, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम अपर्णा ढौडियाल, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।