‘अपनापन’ पुस्तक विमोचन समारोह में शामिल हुए सीएम धामी

0
9

CM Dhami Attends Launch of Shivraj Singh Chouhan’s Book ‘Apnapan’ in New Delhi | पीएम मोदी संग अनुभवों पर आधारित पुस्तक का विमोचन

नई दिल्ली में ‘अपनापन’ का लोकार्पण: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया प्रेरणादायी कृति

नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की नवप्रकाशित पुस्तक ‘अपनापन – नरेंद्र मोदी संग मेरे अनुभव’ के लोकार्पण कार्यक्रम में सहभागिता की।

यह विशेष अवसर देश की राजनीतिक, सामाजिक और बौद्धिक जगत की कई प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। समारोह में भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू तथा पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया।

पुस्तक ‘अपनापन’ में शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ विभिन्न दायित्वों एवं राजनीतिक-सामाजिक अनुभवों को आत्मीयता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया है। पुस्तक में नेतृत्व क्षमता, जनसेवा, सुशासन, संगठनात्मक कार्यशैली और राष्ट्र निर्माण से जुड़े अनेक प्रेरणादायी प्रसंगों का सरल एवं प्रभावशाली वर्णन किया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुस्तक के प्रकाशन पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह कृति न केवल जनप्रतिनिधियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व एवं कार्यशैली को समझने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम सिद्ध होगी।

उन्होंने कहा कि पुस्तक में वर्णित अनुभव सार्वजनिक जीवन में समर्पण, संवेदनशीलता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, भारत सरकार के कई केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक, समाजसेवी, लेखक, पत्रकार तथा अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता कर पुस्तक को समकालीन राजनीतिक एवं सामाजिक विमर्श की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।