देहरादून में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक, ईंधन संकट की अफवाहों पर प्रशासन का जवाब

0
5

Dehradun Fuel Update: Adequate Petrol and Diesel Stocks Available, No Need to Panic

जनपद में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार, घबराने या अतिरिक्त खरीदारी की आवश्यकता नहीं: जिला पूर्ति अधिकारी

देहरादून, 30 मई 2026।

जनपद देहरादून में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य बनी हुई है तथा ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में कहीं भी ईंधन संकट जैसी कोई स्थिति नहीं है। जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल का भंडारण करने से बचें।

उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद के सभी पेट्रोल पंपों की नियमित निगरानी और सघन निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि ईंधन की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रहे। प्रशासन द्वारा तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित किया गया है और प्रतिदिन स्टॉक की समीक्षा की जा रही है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि देहरादून जनपद में विभिन्न तेल विपणन कंपनियों के कुल 167 पेट्रोल एवं डीजल पंप संचालित हैं। इनमें इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसीएल) के 72, भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल) के 34, हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) के 41, नायरा एनर्जी के 10 तथा रिलायंस के 10 पेट्रोल पंप शामिल हैं। सभी पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि 29 मई 2026 की स्थिति के अनुसार जनपद के पेट्रोल पंपों पर लगभग 2526 किलोलीटर पेट्रोल तथा 2074 किलोलीटर डीजल का स्टॉक उपलब्ध है, जो वर्तमान मांग के अनुरूप पर्याप्त है। इसके अतिरिक्त आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त आपूर्ति की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

अग्रवाल ने कहा कि जनपद में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित हो रही है तथा किसी भी क्षेत्र से आपूर्ति प्रभावित होने की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुसार पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि ईंधन की उपलब्धता को लेकर चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी संभावित आवश्यकता के लिए पूरी तरह तैयार है। नागरिक सामान्य रूप से अपनी आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन खरीदें तथा भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों से दूर रहें।

जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जनपद में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता पर्याप्त है तथा आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।