वाहन चालक भर्ती परीक्षा 2026: 19 केंद्रों पर 8,424 अभ्यर्थी, प्रशासन की सभी तैयारियां पूरी
4 जोनल और 12 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए व्यापक इंतजाम
देहरादून, 30 मई 2026।
वाहन चालक पदों पर भर्ती के लिए 31 मई को आयोजित होने वाली लिखित प्रतियोगी परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के सफल संचालन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं तथा अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
इस संबंध में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं परीक्षा के नोडल अधिकारी के.के. मिश्रा ने शनिवार को सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक कर परीक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, गोपनीयता, निगरानी और अभ्यर्थियों की सुविधा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
नोडल अधिकारी ने बताया कि जनपद देहरादून में वाहन चालक भर्ती परीक्षा के लिए कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा का आयोजन 31 मई 2026 को प्रातः 11:00 बजे से 11:30 बजे तक किया जाएगा। इस परीक्षा में कुल 8,424 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि परीक्षा को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की है। इसके तहत 4 जोनल मजिस्ट्रेट और 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं, जो परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करेंगे। सभी अधिकारियों को परीक्षा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक के दौरान के.के. मिश्रा ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और गोपनीयता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर समय से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं तथा सुरक्षा, अनुशासन और निगरानी व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावी रखा जाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह सुचारु, सुरक्षित और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से भी अपील की है कि वे निर्धारित समय से पूर्व अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचें तथा परीक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करते हुए सहयोग करें, जिससे परीक्षा का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके।





