गदरपुर में अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग-कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का मुख्यमंत्री धामी ने लिया जायजा

0
7

CM Dhami Reviews Preparations for International Kayaking & Canoeing Competition in Gadarpur

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गदरपुर में अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का लिया जायजा

अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों से उत्तराखण्ड बनेगा साहसिक खेलों और पर्यटन का वैश्विक केंद्र : मुख्यमंत्री

गदरपुर/ऊधम सिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ऊधम सिंह नगर जनपद के गदरपुर क्षेत्र में आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आयोजन स्थल पर पहुंचकर खिलाड़ियों के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी प्रबंधों, आवागमन, आवास, चिकित्सा सेवाओं एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतियोगिता के सफल एवं गरिमामय आयोजन हेतु सभी तैयारियां निर्धारित अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं अन्य प्रतिभागियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने जल क्रीड़ा गतिविधियों का अनुभव भी लिया और प्रतियोगिता स्थल की विशेषताओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में साहसिक खेलों के विकास की अपार संभावनाएं हैं। राज्य की भौगोलिक एवं प्राकृतिक परिस्थितियां जल क्रीड़ा, पर्वतीय खेलों और एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए अत्यंत अनुकूल हैं। सरकार खेल अवसंरचना को आधुनिक बनाने तथा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखण्ड को खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाना है। इसके लिए प्रदेश में बड़े स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके और वे वैश्विक मंच तक पहुंच सकें।

उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों से प्रदेश में पर्यटन, स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है। ऐसे आयोजन उत्तराखण्ड को साहसिक पर्यटन एवं खेल पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। देश-विदेश के पर्यटक यहां की प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ रोमांचक खेल गतिविधियों का भी अनुभव कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए गांव से लेकर राज्य स्तर तक विभिन्न योजनाओं पर कार्य कर रही है। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान, प्रशिक्षण, संसाधन उपलब्ध कराने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतियोगिता स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं आपदा प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं, ताकि यह आयोजन उत्तराखण्ड की उत्कृष्ट कार्य संस्कृति और आतिथ्य का उदाहरण बन सके।

इस अवसर पर स्थानीय विधायक अरविंद पांडेय, संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


विधायक अरविंद पांडेय के आवास पहुंचे मुख्यमंत्री, परिजनों से की आत्मीय भेंट

अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों के निरीक्षण के उपरांत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्थानीय विधायक अरविंद पांडेय के आवास भी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विधायक के परिजनों से आत्मीय भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना।

मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों एवं बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें स्नेह और शुभाशीष प्रदान किया। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और सफलता की कामना की।

गदरपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री धामी और विधायक अरविंद पांडेय ने प्रतियोगिता स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया तथा आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने जलाशय क्षेत्र का अवलोकन करते हुए मोटर बोट से भ्रमण भी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं मोटर बोट का संचालन किया।

मुख्यमंत्री और विधायक की यह मुलाकात स्थानीय राजनीतिक एवं विकासात्मक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दोनों नेताओं ने क्षेत्र में खेल, पर्यटन और विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की तथा आगामी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए समन्वित प्रयासों पर बल दिया। आयोजन को लेकर स्थानीय स्तर पर उत्साह का माहौल है और प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।