रिस्पना को नया जीवन देने की तैयारी, 12 जेसीबी और 15 डम्परों से चल रहा सफाई अभियान

0
6

Rispana River Rejuvenation Drive Intensifies in Dehradun, DM Ashish Chauhan Reviews Work

रिस्पना को नया जीवन देने की तैयारी, जिला प्रशासन-नगर निगम की संयुक्त मुहिम तेज

नदी नहीं बनेगी कूड़ाघर, रिस्पना के पुनरुद्धार को लेकर प्रशासन सख्त; महापौर संग ग्राउंड जीरो पर पहुंचे डीएम और मुख्य नगर आयुक्त

मानसून से पहले युद्धस्तर पर सफाई अभियान, 12 जेसीबी और 15 डम्परों से हटाया जा रहा कूड़ा व मलबा

देहरादून।
देहरादून की जीवनरेखा मानी जाने वाली रिस्पना नदी को पुनर्जीवित करने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम ने संयुक्त रूप से व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। मानसून से पूर्व नदी की सफाई, संरक्षण और पुनरुद्धार को लेकर प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ मैदान में उतर चुका है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बुधवार को राजीव नगर क्षेत्र में रिस्पना नदी पर चल रहे सफाई एवं पुनरुद्धार कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान महापौर सौरभ थपलियाल, मुख्य नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय तथा नगर निगम एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर चल रहे कार्यों का जायजा लेते हुए सफाई अभियान की प्रगति, गुणवत्ता और प्रभावशीलता की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ग्राउंड जीरो पर पहुंचे डीएम, कार्यों की गुणवत्ता पर दिया विशेष जोर

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचे और नदी क्षेत्र में संचालित सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मानसून के आगमन से पहले रिस्पना नदी की व्यापक सफाई सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इससे वर्षाकाल में जल निकासी व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी, जलभराव की समस्या कम होगी और नदी संरक्षण के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि रिस्पना केवल एक नदी नहीं, बल्कि देहरादून की प्राकृतिक धरोहर है, जिसके संरक्षण के लिए सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करना होगा।

मार्च से जारी विशेष स्वच्छता अभियान, 17 हजार मीट्रिक टन कूड़ा हटाया गया

नगर निगम देहरादून द्वारा मार्च माह से विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक नगर क्षेत्र से लगभग 17 हजार मीट्रिक टन कूड़े का उठान किया जा चुका है।

नगर निगम द्वारा बिंदाल नदी के लगभग 8 किलोमीटर तथा रिस्पना नदी के लगभग 12 किलोमीटर क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त शहर के विभिन्न नालों, जलधाराओं और नदी तंत्र में भी नियमित रूप से सफाई कार्य किए जा रहे हैं ताकि मानसून के दौरान जल प्रवाह बाधित न हो।

12 जेसीबी और 15 डम्परों के साथ युद्धस्तर पर चल रहा अभियान

रिस्पना नदी की सफाई और पुनरुद्धार के लिए नगर निगम ने बड़े पैमाने पर संसाधन लगाए हैं। अभियान में 12 जेसीबी मशीनें और 15 डम्पर लगातार कार्य कर रहे हैं। इनके माध्यम से नदी क्षेत्र में जमा कूड़ा, मलबा, झाड़-झंखाड़ और अन्य अवरोधों को हटाया जा रहा है, जिससे नदी के प्राकृतिक प्रवाह को बहाल किया जा सके।

नमामि गंगे और जिला स्वच्छता समिति के सहयोग से बनेगी व्यापक कार्ययोजना

जिलाधिकारी ने बताया कि नमामि गंगे परियोजना तथा जिला स्वच्छता समिति के माध्यम से नदी संरक्षण और स्वच्छता के लिए एक व्यापक एवं दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

इसके तहत उन सभी स्थानों का चिन्हीकरण किया जा रहा है जहां बड़े पैमाने पर कूड़ा जमा है या अवैध रूप से डंपिंग की जा रही है। ऐसे स्थानों को प्राथमिकता के आधार पर साफ किया जाएगा। साथ ही, रिस्पना में गिरने वाले अनट्रीटेड सीवेज और नालों के जल के उपचार की दिशा में भी प्रभावी कदम उठाए जाएंगे ताकि भविष्य में नदी प्रदूषण पर स्थायी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

चरणबद्ध तरीके से होगा रिस्पना का पुनर्जीवन

डॉ. चौहान ने कहा कि रिस्पना नदी के पुनरुद्धार के लिए केवल तात्कालिक सफाई ही नहीं, बल्कि दीर्घकालिक और व्यवहारिक रणनीति पर भी कार्य किया जा रहा है। चरणबद्ध तरीके से ऐसे उपाय लागू किए जाएंगे जिनसे नदी की स्वच्छता, जल प्रवाह और पर्यावरणीय संतुलन को स्थायी रूप से बनाए रखा जा सके।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिला प्रशासन, नगर निगम, नमामि गंगे मिशन और अन्य संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों तथा दृढ़ इच्छाशक्ति से रिस्पना नदी के संरक्षण और पुनर्जीवन का लक्ष्य अवश्य प्राप्त किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराए गए संसाधनों और सहयोग की सराहना करते हुए सभी विभागों को अभियान को और अधिक गति देने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय, एसएनएस राजवीर सिंह, तनवीर सिंह सहित नगर निगम एवं जिला प्रशासन के अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।