मुख्यमंत्री धामी ने दिव्यांग बच्चों के बीच मनाया जन्म दिवस, कहा- बच्चों का स्नेह सबसे खास उपहार

0
10

CM Dhami Celebrates Birthday with Children with Disabilities

दिव्यांग बच्चों के बीच मुख्यमंत्री धामी ने मनाया जन्म दिवस, बच्चों के साथ साझा की खुशियां

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्म दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के साथ जन्म दिवस की खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनके बीच आत्मीयता से समय बिताया।

मुख्यमंत्री के संस्थान पहुंचने पर बच्चों में उत्साह और खुशी का माहौल दिखाई दिया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के बीच जाकर उनसे संवाद किया, उनका हालचाल जाना और उन्हें प्रोत्साहित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ सहजता और आत्मीयता के साथ समय बिताया। पूरा वातावरण स्नेह, अपनत्व और उत्साह से भरा रहा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में प्रतिभा और अपार संभावनाएं होती हैं। जरूरत इस बात की है कि उन्हें अपनी क्षमताओं को विकसित करने के लिए उचित अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास मिले।

उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में मिलकर प्रयास किए जाने चाहिए।

मुख्यमंत्री ने बच्चों को दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के साथ अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में चुनौतियां आती हैं, लेकिन आत्मविश्वास और मजबूत संकल्प के साथ उनका सामना किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके जन्म दिवस पर बच्चों के साथ समय बिताना और उनके चेहरों पर खुशी देखना उनके लिए सबसे विशेष अनुभव है। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्नेह और उनकी मुस्कान उनके जन्म दिवस का सबसे यादगार उपहार है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी तथा संस्थान के शिक्षक एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।