देहरादून मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण 2026: 98.48% गणना प्रपत्र वितरित, डीएम डॉ. आशीष चौहान ने राजनीतिक दलों से मांगा सहयोग
हर पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय : डीएम डॉ. आशीष चौहान
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में तेजी, बीएलओ-बीएलए और राजनीतिक दलों के समन्वय से शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने पर जोर
देहरादून।
भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान को प्रभावी एवं समयबद्ध ढंग से पूरा करने के उद्देश्य से सोमवार को जिला कार्यालय स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों, प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, क्योंकि एक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची ही स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव की आधारशिला होती है। उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए प्रशासन, निर्वाचन विभाग, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) तथा सभी राजनीतिक दलों के बीच बेहतर समन्वय और सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
1 जुलाई 2026 अर्हता तिथि के आधार पर चल रहा है अभियान
जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए उत्तराखण्ड सहित देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत बीएलओ घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता तक गणना प्रपत्र पहुंचा रहे हैं। प्राप्त प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी तेजी से किया जा रहा है ताकि मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।
जिले में 98.48 प्रतिशत मतदाताओं तक पहुंचे गणना प्रपत्र
बैठक में समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद देहरादून में कुल 13,76,813 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें से अब तक 13,55,948 मतदाताओं (98.48 प्रतिशत) को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं।
इसी प्रकार प्राप्त प्रपत्रों में से 10,98,179 (79.76 प्रतिशत) का डिजिटाइजेशन पूरा कर लिया गया है। वर्तमान में 1,42,485 (10.35 प्रतिशत) प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन किया जाना शेष है, जबकि केवल 1,36,149 (9.89 प्रतिशत) मतदाताओं से गणना प्रपत्र प्राप्त होने बाकी हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष प्रपत्रों का संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए।
राजनीतिक दल निभाएं सक्रिय भूमिका
डॉ. आशीष चौहान ने सभी राजनीतिक दलों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने एवं समय से जमा कराने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासन का अभियान नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने का साझा दायित्व है। सभी दलों का सहयोग सुनिश्चित करेगा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।
अनुपस्थित, मृत, स्थानांतरित एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की अलग सूची होगी तैयार
बैठक में बताया गया कि जिन मतदाताओं तक किसी कारणवश गणना प्रपत्र नहीं पहुंच पाए हैं, उनके संबंध में बीएलओ स्थानीय स्तर पर सत्यापन एवं जांच करेंगे। जांच के आधार पर ऐसे मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा डुप्लीकेट जैसी श्रेणियों में वर्गीकृत करते हुए पृथक सूची तैयार की जाएगी।
यह सूची पंचायत भवनों, नगर निकाय कार्यालयों, मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखण्ड तथा जिला निर्वाचन कार्यालय की वेबसाइट पर सार्वजनिक की जाएगी। साथ ही सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध कराई जाएगी ताकि यदि किसी पात्र मतदाता के संबंध में कोई तथ्यात्मक आपत्ति अथवा दावा हो तो उसका समयबद्ध निस्तारण किया जा सके।
पारदर्शिता और विश्वसनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इसमें प्रत्येक नागरिक तथा राजनीतिक दल की सकारात्मक सहभागिता आवश्यक है।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए तथा प्रत्येक शिकायत और दावा-आपत्ति का नियमानुसार समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली, भारतीय जनता पार्टी से अरविन्द कुमार जैन, कांग्रेस से डॉ. जसविन्दर, सुनील जायसवाल एवं सतेन्द्र, बहुजन समाज पार्टी से सतेन्द्र सिंह एवं सतेन्द्र चोपड़ा, सीपीआई(एम) से अनन्त आकाश तथा आम आदमी पार्टी से कमल राणा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





