Char Dham Yatra Resumes in Uttarakhand After Weather Improves
मौसम में सुधार के बाद चारधाम यात्रा फिर शुरू, स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लेंगे जिलाधिकारी
Char Dham Yatra Resumes in Uttarakhand After Weather Improves

देहरादून, 28 सितंबर 2026। मौसम में सुधार के बाद उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को पुनः सुचारू कर दिया गया है। यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रतिकूल मौसम के कारण 26 सितंबर की दोपहर से 27 सितंबर 2026 तक चारधाम यात्रा स्थगित रखी गई थी। अब मौसम की स्थिति में सुधार होने के बाद यात्रा को दोबारा संचालित किया जा रहा है।
गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि मौसम विज्ञान केंद्र से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के आधार पर चारधाम यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित करने का निर्णय लिया गया था। मौसम में सुधार के बाद यात्रा पुनः शुरू करने के संबंध में सभी संबंधित जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा के संचालन को लेकर संबंधित जिलाधिकारी अपने-अपने जनपदों में स्थानीय मौसम की स्थिति, सड़क एवं यात्रा मार्गों की स्थिति तथा अन्य परिस्थितियों का आकलन कर आवश्यक निर्णय ले सकते हैं। यदि किसी क्षेत्र में अत्यधिक बारिश, भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने या अन्य कारणों से यात्रा मार्ग पर जोखिम की स्थिति उत्पन्न होती है, तो जिलाधिकारी अपने स्तर से यात्रा को अस्थायी रूप से रोक सकते हैं।

आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन द्वारा मौसम की स्थिति के साथ-साथ यात्रा मार्गों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि परिस्थितियों के अनुरूप समय पर आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
प्रशासन ने यात्रियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे चारधाम यात्रा शुरू करने से पहले मौसम का ताजा पूर्वानुमान और यात्रा मार्गों की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। साथ ही, स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ही यात्रा करें। प्रतिकूल मौसम या मार्ग की स्थिति होने पर प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी निर्देशों को प्राथमिकता देने की अपील की गई है।






