Census 2027: CM Dhami Completes Self-Enumeration
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सपरिवार की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की डिजिटल स्व-गणना
Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami completes Census 2027 self-enumeration with family and urges citizens to participate online by November 30.
प्रदेशवासियों से ऑनलाइन स्व-गणना में सक्रिय भागीदारी की अपील, कहा—उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप विकास योजनाओं के निर्माण में अहम होंगे जनगणना के आंकड़े
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में अपने परिवार के साथ जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत डिजिटल स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने परिवार से संबंधित आवश्यक विवरण आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज किए। उन्होंने प्रदेशवासियों से भी इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी स्व-गणना पूरी करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े किसी भी राज्य की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति को समझने के साथ-साथ भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होते हैं। उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय और विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में जनसंख्या के सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़ों का विशेष महत्व है। इन आंकड़ों के माध्यम से प्रदेश के पर्वतीय, ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की वास्तविक आवश्यकताओं का आकलन किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए क्षेत्रवार जनसंख्या तथा स्थानीय जरूरतों की सटीक जानकारी आवश्यक है। जनगणना के आंकड़े विकास योजनाओं की प्राथमिकताएं तय करने, उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने और विभिन्न क्षेत्रों में संतुलित विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने डिजिटल स्व-गणना की सुविधा को जनगणना प्रक्रिया को अधिक सरल और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन माध्यम से नागरिक स्वयं अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना प्रक्रिया में आमजन की प्रत्यक्ष भागीदारी सुनिश्चित होगी और सूचनाओं के संकलन में भी सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे स्व-गणना के दौरान प्रत्येक जानकारी सावधानीपूर्वक और सही तरीके से दर्ज करें। उन्होंने कहा कि जनगणना में उपलब्ध कराया गया प्रत्येक विवरण महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही उन्होंने नागरिकों से घर-घर जाकर जनगणना करने वाले प्रगणकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार की सक्रिय सहभागिता से जनगणना के आंकड़ों की सटीकता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेशवासी इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े आने वाले वर्षों में उत्तराखण्ड की विकास संबंधी आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझने और जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में उपयोगी साबित होंगे।
16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत उत्तराखण्ड के गैर-हिमाच्छादित क्षेत्रों में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक डिजिटल स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे।
इस अवसर पर सचिव जनगणना दीपक कुमार, निदेशक जनगणना कार्य निदेशालय उत्तराखण्ड इवा आशीष श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप निदेशक प्रवीण कुमार, राजू कुमार बनवारी तथा सहायक निदेशक संजीव कुमार उपस्थित रहे।




