Janjatiya Gaurav Diwas: PM Modi Launches 246 Projects
जनजातीय गौरव दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी 3,000 करोड़ की सौगात, 246 विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास
PM Narendra Modi launched 246 development projects worth ₹3,000 crore on Janjatiya Gaurav Diwas 2026. Dehradun officials joined the national event virtually.
देहरादून प्रशासन भी राष्ट्रीय कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जुड़ा, जनजातीय समाज के शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और बुनियादी सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा
देहरादून, 15 नवंबर 2026। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में लगभग 3,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 246 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। रविवार को महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री ने जनजातीय समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल कीं। कार्यक्रम का देशभर में सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें देहरादून जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी भी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
जनपद देहरादून से राज्य जनजाति सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष गीता राम गौड़, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, पूनम चमोली, संदीप नेगी, सुनील नेगी, नरेश धारखोली सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी कार्यक्रम से जुड़े। इसके अतिरिक्त जनजाति विभाग के अंतर्गत संचालित सभी संस्थानों ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राष्ट्रीय कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा जनजातीय समाज के समग्र विकास, सामाजिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी गई। इन परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार एवं आजीविका के अवसरों और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में देशभर के जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (EMRS), विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTGs) के विकास के लिए प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (PM-JANMAN) के अंतर्गत बहुउद्देशीय केंद्रों की स्थापना तथा जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और विरासत के संरक्षण से जुड़ी परियोजनाएं प्रमुख रूप से शामिल रहीं।
प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनने के साथ ही देहरादून के अधिकारियों ने जनपद में निवासरत जनजातीय समुदायों तक केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाने के संकल्प को दोहराया। अधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन में समन्वय, जागरूकता और पात्र लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित यह राष्ट्रीय कार्यक्रम जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को सम्मान देने के साथ-साथ उनके समावेशी एवं सतत विकास के संकल्प को भी मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर बना।




