CM Dhami Celebrates Harela at Malagram: हरेला पर्व पर मालाग्राम पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, पौधरोपण कर दिया हरित उत्तराखंड का संदेश

0
4

CM Dhami Celebrates Harela at Malagram | Plantation Drive & Herbal Conservation | Uttarakhand

हरेला पर्व पर मालाग्राम पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, पौधरोपण कर दिया हरित उत्तराखंड का संदेश

‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ में औषधीय पौधों के संरक्षण, शोध और हर्बल पर्यटन की संभावनाओं का किया अवलोकन

पौड़ी गढ़वाल | 14 जुलाई, 2026

हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर विकासखंड स्थित मालाग्राम पहुंचे, जहां उन्होंने सघन पौधरोपण अभियान में भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का भी आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ का विस्तृत भ्रमण किया। उन्होंने परिसर में संरक्षित दुर्लभ हिमालयी औषधीय पौधों, जड़ी-बूटियों, अनुसंधान गतिविधियों तथा आयुर्वेद आधारित नवाचारों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ध्यान कुटी का निरीक्षण करते हुए वहां संचालित शोध एवं संरक्षण कार्यों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी समृद्ध जैव विविधता, हिमालयी औषधीय वनस्पतियों और पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान के कारण विश्वभर में विशेष पहचान रखता है। इन प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण केवल राज्य ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता के हित में आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक शोध, संरक्षण और आधुनिक तकनीक के समन्वय से उत्तराखंड औषधीय पौधों के क्षेत्र में वैश्विक पहचान स्थापित कर सकता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग के लिए निरंतर कार्य कर रही है। औषधीय पौधों के संरक्षण एवं आयुर्वेद आधारित अनुसंधान को बढ़ावा देने से हर्बल पर्यटन को नई गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं, किसानों तथा स्वयं सहायता समूहों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण का जनआंदोलन है। प्रत्येक नागरिक को पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण मिल सके।

मालाग्राम स्थित ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ देश के चुनिंदा और अनूठे हर्बल पार्कों में शामिल है, जहां देश के विभिन्न राज्यों तथा हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों का वैज्ञानिक संरक्षण एवं संवर्धन किया जा रहा है। यह संस्थान पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान और आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान के समन्वय का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है तथा हर्बल शिक्षा, शोध और पर्यटन को नई दिशा प्रदान कर रहा है।

इस अवसर पर पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।