वन विकास निगम के 25 साल पूरे, CM धामी ने कुमाऊं में नए कार्यालय का किया ऐलान

0
5

CM Dhami Announces Kumaon Forest Office | Uttarakhand Forest Development Corporation 25 Years

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वन विकास निगम के रजत जयंती समारोह में की महत्वपूर्ण घोषणाएं, कुमाऊं में खुलेगा नया कार्यालय

पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड वन विकास निगम की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित “रजत जयंती समारोह” में भाग लेते हुए राज्य के वन क्षेत्र और अर्थव्यवस्था को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने कुमाऊं मंडल में वन विकास निगम का नया कार्यालय खोलने की घोषणा की, जिससे क्षेत्रीय स्तर पर कार्यों में तेजी आएगी।

मुख्यमंत्री ने वन क्षेत्रों में मधुमक्खी पालन (बी-बॉक्स) को बढ़ावा देने के लिए प्रस्ताव कैबिनेट में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों की आजीविका भी बढ़ेगी।

कार्यक्रम के दौरान वन विकास निगम के उन कर्मचारियों के बच्चों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड वन विकास निगम राज्य की अर्थव्यवस्था के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन में भी अहम भूमिका निभा रहा है। निगम वैज्ञानिक वन प्रबंधन, वन उपज का टिकाऊ उपयोग, आरक्षित वन क्षेत्रों में खनन, इको-टूरिज्म संचालन और प्रमाणित लकड़ी की आपूर्ति जैसे कार्यों में सक्रिय है।

उन्होंने बताया कि निगम सूखे और क्षतिग्रस्त पेड़ों को हटाकर नए वन विकसित करने के साथ-साथ युवाओं और छात्रों में पर्यावरण जागरूकता भी बढ़ा रहा है।

“हिमकाष्ठ” मोबाइल ऐप का लोकार्पण

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने “हिमकाष्ठ” मोबाइल एप का शुभारंभ किया। इस ऐप के माध्यम से अब वन विकास निगम की लकड़ी की ऑनलाइन बिक्री और फॉरेस्ट उत्पादों की ई-नीलामी संभव होगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रक्रियाओं के माध्यम से ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को बढ़ावा मिला है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वन विकास निगम ने पिछले वर्ष 167 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया, जो पारदर्शी नीति और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन का परिणाम है।

पर्यावरण संरक्षण के लिए अपील

मुख्यमंत्री ने पर्यटकों और तीर्थयात्रियों से अपील की कि वे उत्तराखंड की यात्रा के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और प्राकृतिक स्थलों पर गंदगी न फैलाएं। उन्होंने कहा कि “लाइफ स्टाइल फॉर एनवायरनमेंट” केवल एक नारा नहीं, बल्कि धरती को बचाने का संकल्प है।

वन मंत्री का बयान

सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य में इकोनॉमी और इकोलॉजी के समन्वय के साथ वन संरक्षण की दिशा में निरंतर कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में निगम ने 627 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया और नवाचारों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में नरेश बंसल, सविता कपूर, मोहन सिंह बिष्ट, सुरेश गड़िया और प्रमोद नैनवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।