CM Pushkar Singh Dhami Becomes Uttarakhand’s Longest-Serving Chief Minister | Various Organizations Extend Congratulations

मुख्यमंत्री को उत्तराखण्ड के मुख्य सेवक के रूप में सर्वाधिक कार्यकाल पूर्ण करने पर विभिन्न संगठनों ने दी शुभकामनाएं
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड के मुख्य सेवक (मुख्यमंत्री) के रूप में सर्वाधिक कार्यकाल पूर्ण करने का महत्वपूर्ण पड़ाव हासिल किया। इस अवसर पर शनिवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, किसान एवं कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडलों ने उनके नेतृत्व में राज्य में सुशासन, पारदर्शी प्रशासन, विकासोन्मुख नीतियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखण्ड ने विकास, निवेश, पर्यटन, आधारभूत संरचना, महिला सशक्तिकरण, रोजगार सृजन और प्रशासनिक सुधारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, जिससे प्रदेश को नई पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री से भेंट करने वालों में गुरुद्वारा सभा, भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, किसान आयोग, अखिल गढ़वाल सभा तथा प्रादेशिक विकास सेवा संगठन सहित विभिन्न सामाजिक एवं जनप्रतिनिधि संगठनों के प्रतिनिधि शामिल रहे। सभी प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया तथा प्रदेश के विकास एवं जनहित के कार्यों के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें मिला यह सम्मान व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि प्रदेश की सवा करोड़ जनता के विश्वास, स्नेह और सहयोग का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है और यही विश्वास उन्हें अधिक समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा में उत्तराखण्ड के समग्र, संतुलित और सतत विकास के लक्ष्य को लेकर निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे तथा प्रत्येक नागरिक को सरकारी योजनाओं का पारदर्शी एवं समयबद्ध लाभ मिले।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता, सेवा, जवाबदेही और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास के नए मानक स्थापित कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पर्यटन, कृषि, रोजगार, महिला एवं युवा सशक्तिकरण सहित सभी क्षेत्रों में योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है ताकि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के सर्वांगीण विकास में सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, किसान संगठनों, कर्मचारी संगठनों, जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। सरकार सभी वर्गों के सुझावों एवं सहयोग के साथ विकास की यात्रा को आगे बढ़ा रही है और उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता के सहयोग, सामाजिक संगठनों की सहभागिता तथा सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों से उत्तराखण्ड विकास, सुशासन और जनसेवा के नए आयाम स्थापित करेगा तथा राज्य को एक आदर्श और आत्मनिर्भर प्रदेश बनाने का संकल्प साकार होगा।





