देहरादून में आज रात एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, 30 मिनट रहेगा अंधेरा

0
7

Dehradun Air Raid Mock Drill Today | 30-Min Blackout in 4 Areas | Advisory Issued

देहरादून में आज रात एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, 30 मिनट तक रहेगा अंधेरा

घबराएं नहीं, अफवाहों से बचें—यह केवल अभ्यास है: जिला प्रशासन

देहरादून, 24 अप्रैल 2026
राजधानी देहरादून में नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन तंत्र की तैयारियों को परखने के लिए आज शुक्रवार रात 10 बजे एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान शहर के चार प्रमुख और संवेदनशील क्षेत्रों में करीब 30 मिनट के लिए बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी।

जिला प्रशासन के अनुसार, इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य संभावित हवाई हमले या आपात स्थिति के दौरान विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता, समन्वय और प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण करना है। निर्धारित योजना के तहत आईएसबीटी, घंटाघर, आराघर और रायपुर स्थित रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स अनुप्रयोग प्रयोगशाला (डीईएएल/डीआरडीओ) क्षेत्र में सायरन बजाकर एयर रेड अलर्ट जारी किया जाएगा, जिसके बाद ब्लैकआउट किया जाएगा।

आपदा प्रबंधन की दृष्टि से जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम में इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (EOC) सक्रिय किया है। यहां से मोबाइल, वायरलेस और अन्य संचार माध्यमों के जरिए सभी संबंधित विभागों के बीच रियल-टाइम समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा। मॉक ड्रिल के दौरान एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस और पुलिस बल की टीमें भी तैनात रहेंगी और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखेंगी।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभ्यास गृह मंत्रालय के निर्देशों के तहत किया जा रहा है, जिसमें जिलाधिकारी कंट्रोलर के रूप में पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे इस दौरान किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं, क्योंकि यह केवल एक पूर्वाभ्यास है।

जिला प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि इस तरह के अभ्यास न केवल आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत बनाते हैं, बल्कि लोगों में आपात स्थितियों के प्रति जागरूकता और सतर्कता भी बढ़ाते हैं।