आढ़त बाजार–तहसील चौक सड़क चौड़ीकरण परियोजना का डीएम ने किया निरीक्षण, मुआवजा प्रक्रिया तेज

0
4

Dehradun Arhat Bazaar–Tehsil Chowk Road Widening Project | DM Reviews Progress, Compensation Process Accelerated

आढ़त बाजार–तहसील चौक सड़क चौड़ीकरण परियोजना का डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

मुआवजा वितरण एवं दस्तावेज सत्यापन में तेजी लाने के निर्देश, समयबद्ध तरीके से पूरा होगा परियोजना कार्य

देहरादून।

देहरादून शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं आधुनिक बनाने की दिशा में चल रही आढ़त बाजार–तहसील चौक सड़क चौड़ीकरण परियोजना की प्रगति का सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना की वर्तमान स्थिति, मुआवजा वितरण, दस्तावेज सत्यापन तथा पुनर्वास संबंधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप देहरादून को बेहतर यातायात सुविधाओं वाला आधुनिक शहर बनाने के उद्देश्य से यह परियोजना प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित संपत्ति धारकों को मुआवजा वितरण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि परियोजना से प्रभावित संपत्ति धारकों को मुआवजा वितरण का कार्य निरंतर जारी है। जिन प्रभावितों को मुआवजा प्रदान किया जा चुका है, उनमें से अनेक संपत्ति धारकों ने अपनी प्रभावित परिसंपत्तियों की रजिस्ट्री लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के नाम कर दी है। इसके परिणामस्वरूप परियोजना के निर्माण कार्यों में तेजी आई है।

अधिकारियों ने अवगत कराया कि परियोजना के दायरे में कुल 410 संपत्तियां प्रभावित हो रही हैं। शेष संपत्तियों के स्वामित्व संबंधी दस्तावेजों का परीक्षण एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएं तेजी से पूरी की जा रही हैं। दस्तावेज सही पाए जाने पर नियमानुसार पात्र प्रभावितों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।

जिलाधिकारी डॉ. चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनर्वास एवं मुआवजा वितरण से जुड़ी प्रत्येक प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न की जाए तथा प्रभावित परिवारों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल परियोजना को समय पर पूरा करना ही नहीं, बल्कि प्रभावित नागरिकों के अधिकारों और हितों की भी पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

उन्होंने यह भी कहा कि परियोजना से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण करें, जिससे किसी भी स्तर पर कार्य में अनावश्यक विलंब न हो।

शहर को मिलेगा जाम से राहत

आढ़त बाजार–तहसील चौक सड़क चौड़ीकरण परियोजना के पूर्ण होने के बाद देहरादून शहर के सबसे व्यस्त यातायात मार्गों में से एक पर ट्रैफिक दबाव में उल्लेखनीय कमी आएगी। सड़क चौड़ी होने से वाहनों की आवाजाही अधिक सुचारु होगी, जाम की समस्या कम होगी तथा आम नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिलेगा।

यह परियोजना भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की जा रही है और शहर के समग्र शहरी विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुआवजा वितरण एवं पुनर्वास प्रक्रिया में अपनाई जा रही पारदर्शी व्यवस्था के कारण प्रभावित संपत्ति धारकों का प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है। कई प्रभावित परिवारों ने स्वेच्छा से अपनी संपत्तियां खाली करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है, जिससे परियोजना के कार्यों को अपेक्षित गति मिल रही है।

स्थलीय निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश कुमार सहित मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए), लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।