Dehradun LPG Gas Theft Case: Vehicle Seized, FIR Registered | Uttarakhand News
देहरादून में घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध गैस निकालने का मामला पकड़ा, वितरण वाहन जब्त
चार सिलेंडरों से 1 से 6.5 किलोग्राम तक गैस निकाली गई थी; रिफिलर बरामद, दो कर्मचारियों और गैस एजेंसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
देहरादून। जिलाधिकारी देहरादून के निर्देश पर उपभोक्ता से मिली शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला पूर्ति विभाग ने ग्राम सोडा सिरौली में घरेलू गैस वितरण वाहन की जांच की। जांच के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस निकालने का मामला सामने आया। कार्रवाई के दौरान गैस वितरण वाहन को जब्त कर लिया गया तथा संबंधित कर्मचारियों और गैस एजेंसी के खिलाफ थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जिला पूर्ति विभाग के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी संतोष भट्ट को तत्काल मौके पर भेजा गया। जांच दल ने ग्राम सोडा सिरौली में ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर, देहरादून के घरेलू गैस वितरण वाहन की जांच की।
जांच के दौरान वाहन में कुल 26 घरेलू गैस सिलेंडर पाए गए। इनमें से चार सिलेंडरों से करीब 1 किलोग्राम से लेकर 6.5 किलोग्राम तक गैस निकाली जा चुकी थी, जबकि शेष 22 सिलेंडर पूरी तरह भरे हुए पाए गए।
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने भी जांच टीम को बताया कि गैस वितरण कर्मियों द्वारा सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस निकाली जा रही थी। इस संबंध में स्थानीय लोगों की ओर से वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध कराया गया। जांच के दौरान गैस को एक सिलेंडर से दूसरे में स्थानांतरित करने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला रिफिलर उपकरण भी बरामद किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पूर्ति विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित गैस वितरण वाहन को जब्त कर लिया। इसके साथ ही संबंधित कर्मचारियों जयप्रकाश पुत्र प्रेमशंकर एवं रटनेश चंद्रपाल पुत्र के खिलाफ तथा ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर, देहरादून के विरुद्ध थाना रायपुर, जनपद देहरादून में विधिक कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया है।
कार्रवाई के दौरान बरामद किए गए सभी 26 घरेलू गैस सिलेंडरों को सुरक्षित रूप से निकटवर्ती सहकारी गैस सेवा में जमा करा दिया गया है, ताकि सिलेंडरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जांच दल में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी संतोष भट्ट तथा पूर्ति सहायक विजय शामिल रहे।
जिला पूर्ति अधिकारी देहरादून के.के. अग्रवाल ने कहा कि घरेलू गैस उपभोक्ताओं के हितों से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गैस वितरण व्यवस्था में अनियमितता, कालाबाजारी या उपभोक्ताओं के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं के खिलाफ कड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
जिला पूर्ति विभाग की इस कार्रवाई से गैस वितरण व्यवस्था में अनियमितता करने वालों में सख्त संदेश गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा में घरेलू गैस उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जांच और प्रवर्तन कार्रवाई जारी रखी जाएगी।





