Dehradun-Mussoorie Road New Bridge Foundation | ₹12.17 Crore Double Lane Project 2026
देहरादून-मसूरी मार्ग पर आधुनिक डबल लेन पुल का शिलान्यास, 12.17 करोड़ की परियोजना से सुधरेगी कनेक्टिविटी
देहरादून:
देहरादून-मसूरी मोटर मार्ग पर यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। मंगलवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शिव मंदिर के पास क्षतिग्रस्त पुराने पुल के स्थान पर नए स्थायी डबल लेन पुल के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। करीब 12.17 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती देगा और यातायात दबाव को कम करेगा।
इस मौके पर मंत्री ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि देहरादून-मसूरी मार्ग न केवल पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि स्थानीय निवासियों के दैनिक आवागमन की भी प्रमुख लाइफलाइन है। नया पुल इस मार्ग की मजबूती और विश्वसनीयता को और बढ़ाएगा।
आपदा में क्षतिग्रस्त हुआ था पुराना पुल
गौरतलब है कि वर्ष 2025 में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान इस स्थान का पुराना पुल गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद यातायात बनाए रखने के लिए अस्थायी रूप से वैली ब्रिज का निर्माण किया गया, जो वर्तमान में उपयोग में है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया सेतु
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार के अनुसार, राज्य योजना के तहत देहरादून-मसूरी राज्य मार्ग संख्या-1 के किमी 18 पर 60 मीटर स्पान का आधुनिक डबल लेन स्टील बॉक्स पुल बनाया जाएगा। इस परियोजना में पाइल फाउंडेशन, आरसीसी एबटमेंट, स्टील गर्डर संरचना जैसी उन्नत तकनीकों का उपयोग किया जाएगा।
पुल की प्रमुख विशेषताओं में 7.50 मीटर चौड़ा टू-लेन कैरिजवे, दोनों ओर 3-3 मीटर चौड़े फुटपाथ, मजबूत रेलिंग और क्रैश बैरियर जैसी सुरक्षा व्यवस्थाएं शामिल होंगी।
परियोजना की कुल लागत 12.17 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है और इसे 21 अगस्त 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
शिलान्यास कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, रजत अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, ज्योति कोटिया, सुन्दर सिंह कोठाल, वंदना बिष्ट, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।





