कांवली रोड पर सफाई कर्मचारियों के लिए विशेष शिविर, 250 लोगों ने सरकारी योजनाओं के लिए किया आवेदन

0
5

Special Welfare Camp for Sanitation Workers in Dehradun | 250 Applications, Health Check-ups & Assistive Devices

सफाई कर्मचारियों के लिए कांवली रोड पर लगा बहुउद्देशीय जनकल्याण शिविर, 250 लाभार्थियों ने किया विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन

98 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, 150 सहायक उपकरणों सहित विभिन्न कल्याणकारी किटों का वितरण

देहरादून।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशानुसार सफाई कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग द्वारा कांवली रोड स्थित वाल्मीकि मंदिर परिसर, वाल्मीकि नगर (वार्ड संख्या-24) में विशेष बहुउद्देशीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने सहभागिता करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही आवेदन प्रक्रिया भी पूरी कराई।

शिविर में बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। समाज कल्याण विभाग ने पेंशन, स्वरोजगार, ऋण एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देते हुए 250 पात्र लाभार्थियों के आवेदन प्राप्त किए, जिससे उन्हें संबंधित योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जा सके।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में 98 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने आवश्यक परामर्श देने के साथ जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने महिला एवं किशोरियों के स्वास्थ्य और पोषण को ध्यान में रखते हुए एक महालक्ष्मी किट, पांच किशोरी किट तथा दो गोद भराई किट वितरित किए। इसके अतिरिक्त भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (ALIMCO) के सहयोग से पांच वरिष्ठ नागरिकों को कुल 150 सहायक उपकरण प्रदान किए गए, जिनमें उनकी दैनिक जीवन की आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न सहायक सामग्री शामिल रही। सहायक उपकरणों का वितरण उत्तराखंड राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना की उपस्थिति में किया गया।

इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि मलिन बस्तियों और श्रमिक बहुल क्षेत्रों में लगाए जा रहे ऐसे विशेष शिविर समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है और इस दिशा में ऐसे शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में भाग लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।

जिला प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार के बहुउद्देशीय शिविरों का उद्देश्य विभिन्न विभागों की सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है, ताकि नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ मिल सके।

शिविर में सहायक प्रबंधक दिगंबर सजवाण, छात्रावास अधीक्षक आकाशदीप, पार्षद विशाल, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।