Action against banned plastic: सिंगल यूज प्लास्टिक पर डीएम सख्त, सप्लाई नेटवर्क तोड़ने के निर्देश

0
12

Dehradun DM Cracks Down on Single-Use Plastic

सिंगल यूज प्लास्टिक पर डीएम सख्त, सप्लाई नेटवर्क तोड़ने के निर्देश; अवैध डंपिंग पर होगी कार्रवाई

 

Dehradun DM Ashish Chauhan orders strict action against single-use plastic supply networks, illegal dumping sites and plastic waste violations.

 

अनधिकृत डंपिंग साइटों को चिन्हित कर प्लास्टिक कचरे का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश

 

प्रतिबंधित प्लास्टिक की आपूर्ति से लेकर उत्पादन और भंडारण तक होगी निगरानी, लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी

 

देहरादून। जनपद में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग और प्लास्टिक कचरे की अनधिकृत डंपिंग पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने उच्चतम न्यायालय एवं उच्च न्यायालय के आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध कार्रवाई केवल अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसके उत्पादन, भंडारण, आपूर्ति, वितरण और उपयोग से जुड़े पूरे नेटवर्क को चिह्नित कर प्रभावी कार्रवाई की जाए।

उत्पादन से आपूर्ति तक होगी सख्त निगरानी

जिलाधिकारी ने राज्य कर विभाग के अधिकारियों को संबंधित औद्योगिक इकाइयों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि न्यायालयों के आदेशों के अनुरूप प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री के निर्माण और आपूर्ति से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाए। अधिकारियों को प्लास्टिक सामग्री के निर्माण में प्रयुक्त कच्चे माल की आपूर्ति, उपलब्ध स्टॉक, उत्पादन क्षमता और वितरण की विस्तृत रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत करने को कहा गया।

उन्होंने बाजारों में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क की पहचान कर उसके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए, ताकि प्रतिबंधित प्लास्टिक की उपलब्धता और इस्तेमाल पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

अनधिकृत डंपिंग साइटों की पहचान कर तत्काल उठाएं कचरा

जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) को जनपद में बल्क वेस्ट जनरेटर और कूड़े की अनधिकृत डंपिंग साइटों को तत्काल चिह्नित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन स्थलों पर जमा प्लास्टिक कचरे को प्राथमिकता के आधार पर उठवाया जाए और उसका नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

नगर निगम और सभी नगर निकायों को उपलब्ध मानव संसाधनों एवं अन्य संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए सफाई और कचरा निस्तारण अभियान को प्रभावी बनाने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पर्याप्त संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद प्लास्टिक कचरे के निस्तारण में लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

कॉम्पेक्टर मशीनों की कार्यप्रणाली की होगी समीक्षा

ब्लॉक और न्याय पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराई गई कॉम्पेक्टर मशीनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की। उन्होंने मशीनों के संचालन, अब तक निस्तारित प्लास्टिक कचरे की मात्रा और उनकी कार्यक्षमता का पूरा विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

कालसी क्षेत्र में कूड़े को कॉम्पेक्टर मशीन तक पहुंचाने में कठिनाई और अधिक लागत आने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने साइट चयन में लापरवाही बरतने वाली टीम के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कचरा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं का निर्धारण स्थानीय परिस्थितियों और व्यावहारिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।

जनजागरूकता और व्यवहार परिवर्तन पर जोर

जिलाधिकारी ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक की समस्या का स्थायी समाधान केवल दंडात्मक कार्रवाई से संभव नहीं है। इसके लिए आमजन के व्यवहार में बदलाव लाना और पर्यावरण एवं मानव जीवन पर प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को प्लास्टिक के विकल्पों के उपयोग को प्रोत्साहित करने तथा जनजागरूकता गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए।

नगर निगम के सभी 100 वार्डों में चलेगा सघन अभियान

नगर निगम देहरादून के सभी 100 वार्डों में तैनात सेक्टर अधिकारियों को सघन चेकिंग अभियान चलाने और जनजागरूकता गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक सेक्टर अधिकारी अपने वार्ड में अनधिकृत डंपिंग साइटों की पहचान कर तत्काल सूचना उपलब्ध कराएगा। इसके बाद नगर निगम के माध्यम से विशेष सफाई अभियान चलाकर वहां जमा प्लास्टिक कचरे का निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक की आपूर्ति करने वालों के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अनधिकृत स्थानों पर कूड़ा फेंकने और प्लास्टिक कचरा प्रबंधन में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार चालान सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, ज्वाइंट कमिश्नर राज्य कर अजय कुमार सिंह, एमएनएसए डॉ. आनंद, डीपीओ जितेंद्र कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी एसके गिरी, एडीपीआरओ संजय बडोनी, एमएमए जिला पंचायत सतीश त्रिपाठी सहित खंड विकास अधिकारी तथा नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिकारी उपस्थित रहे।