मुख्यमंत्री धामी ने दी हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं, पत्रकारों की भूमिका को सराहा

0
5

Hindi Journalism Day 2026: CM Pushkar Singh Dhami Extends Greetings, Praises Role of Media in Democracy

हिंदी पत्रकारिता दिवस पर मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं, लोकतंत्र को मजबूत बनाने में पत्रकारिता की भूमिका को सराहा

देहरादून, 30 मई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर प्रदेश एवं देशभर के पत्रकारों, मीडिया कर्मियों और नागरिकों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता लोकतंत्र की सशक्त आवाज रही है और जनजागरण, जनभावनाओं की अभिव्यक्ति तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि हिंदी पत्रकारिता का गौरवशाली इतिहास रहा है। स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर राष्ट्र निर्माण तक हिंदी पत्रकारिता ने समाज को जागरूक करने, जनहित के मुद्दों को उठाने और सकारात्मक परिवर्तन लाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हिंदी पत्रकारिता समाज और शासन-प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु के रूप में कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान देती है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनोन्मुख पत्रकारिता लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ समाज में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का कार्य करती है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भी हिंदी पत्रकारिता की एक समृद्ध और स्वर्णिम परंपरा रही है। राज्य के पत्रकारों ने समय-समय पर जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर समाज को जागरूक करने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों के प्रति संवेदनशील है और उनके कल्याण एवं सुविधाओं के लिए निरंतर प्रयासरत है।

इस अवसर पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने भी हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता आज भी पत्रकारिता की मूल भावना है। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही सफल पत्रकारिता की पहचान है।

बंशीधर तिवारी ने कहा कि पत्रकारिता समाज में जागरूकता फैलाने, सकारात्मक बदलाव लाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने पत्रकारों से सत्य, निष्पक्षता और जनसरोकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।