93 वर्षीय बुजुर्ग के खाते से 10 लाख की निकासी, बेटी पर आरोप—डीएम ने दिए जांच के आदेश

0
29

जनता दर्शन में डीएम सविन बंसल ने सुनी 176 समस्याएँ, कई मामलों में मौके पर ही कार्रवाई

देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल ने सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में दूर-दराज़ से आए लोगों की कुल 176 शिकायतें सुनीं। घरेलू विवाद, भूमि सीमांकन, ऋण माफी, आर्थिक सहायता, पेंशन, प्रमाण पत्र, अवैध कब्जा और अन्य मामलों पर डीएम ने कई प्रकरणों का तत्काल निस्तारण किया, जबकि शेष को संबद्ध विभागों को त्वरित और विधिसम्मत कार्रवाई के निर्देशों के साथ अग्रसारित किया।

डीएम ने कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करें।

मुख्य शिकायतें और डीएम की कार्रवाई

1. बेटी पर 93 वर्षीय पिता के खाते से 10 लाख निकालने का आरोप

चलने-फिरने में असमर्थ 93 वर्षीय प्रेम सिंह ने शिकायत की कि उनकी बेटी ने बैंक खाते से 10 लाख रुपये निकालकर धोखाधड़ी की है। डीएम ने लीड बैंक अधिकारी को तत्काल जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

2. बेटे ने बनाया फर्जी वसीयतनामा, संपत्ति हड़पी — भरण-पोषण एक्ट में केस

बुजुर्ग मुन्नी देवी ने बताया कि पति की मृत्यु के बाद उनके छोटे बेटे ने धोखे से घर और बैंक जमा राशि अपने नाम कराने के लिए फर्जी वसीयत बनवा ली। इस पर डीएम ने भरण-पोषण एवं माता-पिता वरिष्ठ नागरिक संरक्षण अधिनियम के तहत वाद दायर कर वसीयत की विधिक जांच कराने का आदेश दिया।

3. वृद्धा को बहू ने घर से निकाला — वाद दर्ज

60 वर्षीय लता त्यागी ने बताया कि उनकी बहू ने घर पर कब्जा कर उन्हें बाहर निकाल दिया है। डीएम ने भरण-पोषण एक्ट में वाद दर्ज करवाया।

4. बेटी ने मां की संपत्ति पर कब्जा किया, फर्जी रजिस्ट्री — जांच के आदेश

दुर्गा नगर निवासी राधा ने कहा कि उन्होंने एमडीडीए कॉलोनी में घर बेटी को रहने के लिए दिया था, लेकिन पति की मृत्यु के बाद बेटी ने धोखे से घर पर कब्जा कर फर्जी रजिस्ट्री करा ली। डीएम ने एडीएम को सब-रजिस्ट्रार से रिपोर्ट तलब करने के निर्देश दिए।

आर्थिक सहायता, पेंशन और ऋण राहत से जुड़े मामले

5. पति की आकस्मिक मृत्यु के बाद ऋण माफी की गुहार

नेहा ने बताया कि उनके पति ने बैंक से 5 लाख का ऋण लिया था, लेकिन करंट लगने से उनकी मृत्यु हो गई। तीन वर्षों तक किस्तें जमा की, पर अब आर्थिक स्थिति खराब है। डीएम ने लीड बैंक अधिकारी को मामले की जांच करने को कहा।

6. दिव्यांग वकील को मौके पर पेंशन स्वीकृत

80% दिव्यांगता वाले वकील साहनी ने बताया कि उनकी पेंशन अब तक नहीं लगी है। डीएम ने मौके पर ही पेंशन स्वीकृत कराई।

7. वृद्धा का आय प्रमाण पत्र वहीं पर बनवाया गया

70 वर्षीय इन्दु राजवंशी की वृद्धावस्था पेंशन समस्या पर उनका आय प्रमाण पत्र बनाने हेतु तत्काल आवेदन कराया गया।

8. गरीब एवं विधवा महिलाओं को सहायता हेतु जांच निर्देश

  • विधवा पिंकी देवी की आर्थिक सहायता पर एसडीएम को जांच के निर्देश

  • विधवा एकादशी देवी को इलाज हेतु सहायता प्रदान करने को जांच आदेश

  • सर्वेश और माहेश्वरी देवी ने पीएम आवास की मांग रखी

  • सपना ने नर्सिंग की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता मांगी, डीपीओ को जांच के निर्देश

9. दिव्यांग रेखा देवी को बेटी की शादी हेतु सहायता की संस्तुति

एक पैर से दिव्यांग रेखा देवी की प्रार्थना पर क्लेक्ट्रेट कार्यालय को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। साथ ही उनका दिव्यांग प्रमाण पत्र तैयार करने के निर्देश भी दिए।


प्राकृतिक आपदा, परिवहन और अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतें

10. प्राकृतिक आपदा में मकान ध्वस्त — पुनर्वास के आदेश

अनीता चौहान ने बताया कि दैवीय आपदा में उनका मकान क्षतिग्रस्त हो गया। डीएम ने एडीएम और टीडीसी पुनर्वास निदेशक को कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

11. भानियावाला–जौली–थानों मार्ग पर बस सेवा बंद

क्षेत्रवासियों की परेशानी पर डीएम ने अभी तक बस सेवा शुरू न होने की रिपोर्ट एडीएम से तलब की।

12. थानों में अवैध मस्जिद व मदरसा की शिकायत

एडीएम को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी हुए।

13. फलदार पेड़ों की अवैध कटान

थानों क्षेत्र में अवैध रूप से पेड़ काटे जाने की शिकायत पर एडीएम को जांच के निर्देश दिए गए।

14. विभिन्न क्षेत्रों में अवैध कब्जों पर बड़े स्तर पर कार्रवाई

  • जोलियो में ग्राम समाज व वन पंचायत की भूमि पर कब्जा हटाने के निर्देश

  • झाझरा जमीन पर अवैध झुग्गी-झोपड़ी हटाने हेतु जांच

  • कारगी ग्रांट में ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा हटाने के आदेश

  • दारागाड़–कथियान मोटर मार्ग पर अनियमितताओं की संयुक्त जांच रिपोर्ट मांगी गई

15. घर के ऊपर से गुजर रही 33 केवी लाइन हटाने का अनुरोध

सुदरवाला निवासी ओमकार शर्मा की शिकायत पर अधिशासी अभियंता को नियम अनुसार कार्रवाई को कहा गया।

16. आभूषण चोरी के मामले में पुलिस को त्वरित रिपोर्ट के निर्देश

पुनीत अग्रवाल के घर से आभूषण व नकदी चोरी की जांच CO पुलिस को स्वयं निगरानी में करके तत्काल रिपोर्ट देने को कहा गया।

17. अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त घरों के लिए आर्थिक अनुदान की मांग

इकबाल, शाहिद, फहीम, फुरकाना, खुर्शीद अहमद सहित कई लोगों ने सहायता की गुहार लगाई।


जनता दर्शन में भारी भीड़, अधिकारियों को मिले स्पष्ट निर्देश

जनता दर्शन में भूमि सीमांकन, रजिस्ट्री, अवैध कब्जा, पेंशन, ऋण, आपदा सहायता और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज की गईं।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसडीएम हरिगिरी, एसडीएम विनोद कुमार, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।