राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, 30 नवंबर 2026 तक कर सकेंगे आवेदन

0
14

National Scholarship Portal Deadline Extended Till November 30

राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर तक बढ़ी

 

National Scholarship Portal deadline extended to November 30, 2026 for Fresh and Renewal applications of SC, ST, OBC and EBC students.

देहरादून, 03 अक्टूबर 2026। शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) तथा आर्थिक रूप से पिछड़े सामान्य वर्ग (EBC) के छात्र-छात्राओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर छात्रवृत्ति आवेदन, पंजीकरण और संस्थागत सत्यापन की निर्धारित समय-सीमा बढ़ा दी गई है।

 

जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि पात्र छात्र-छात्राओं के हित में राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर नवीन (Fresh) एवं पूर्व वर्षों के पात्र विद्यार्थियों के नवीनीकरण (Renewal) छात्रवृत्ति आवेदनों के पंजीकरण तथा शैक्षणिक संस्थानों द्वारा ऑनलाइन सत्यापन की अंतिम तिथि अब 30 नवंबर 2026 तक बढ़ा दी गई है।

 

उन्होंने जनपद देहरादून के सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के निदेशक, प्राचार्य, संस्थाध्यक्ष और प्रधानाचार्यों से अपील की है कि वे अपने संस्थानों में अध्ययनरत सभी पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजना के लिए आवेदन करने के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं।

 

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने कहा कि संस्थान यह सुनिश्चित करें कि पात्र विद्यार्थियों का राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण कराया जाए। आवेदन के साथ प्रस्तुत किए जाने वाले आवश्यक दस्तावेजों की जांच करने के बाद संस्थान स्तर पर आवेदनों का ऑनलाइन सत्यापन भी समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

 

उन्होंने संबंधित संस्थानों को निर्देशित किया कि सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पात्र छात्रवृत्ति आवेदनों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जनपद स्तर पर अग्रसारित किया जाए। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति योजना का लाभ लेने के लिए पात्र कोई भी विद्यार्थी आवेदन प्रक्रिया से वंचित न रहे, इसके लिए सभी संस्थान विशेष रूप से ध्यान दें।

 

छात्र-छात्राओं से भी अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर अपना आवेदन समय से पूरा करें और आवेदन से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं एवं दस्तावेजी प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करें।

 

जिला समाज कल्याण विभाग ने विद्यार्थियों और संबंधित शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि 30 नवंबर 2026 की अंतिम तिथि को ध्यान में रखते हुए आवेदन एवं सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी करें, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजना का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 

राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल: scholarships.gov.in