पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री हेतु आवेदन प्रक्रिया शुरू, जानिए अंतिम तिथि

0
5

पद्म पुरस्कार 2027 के लिए नामांकन आमंत्रित | 10 जून तक जिला कार्यालय में करें आवेदन

 

देहरादून।

देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कारों—पद्म विभूषण, पद्म भूषण एवं पद्म श्री—के लिए वर्ष 2027 के नामांकन एवं संस्तुतियां आमंत्रित की गई हैं। आगामी गणतंत्र दिवस 26 जनवरी, 2027 के अवसर पर प्रदान किए जाने वाले इन प्रतिष्ठित पुरस्कारों हेतु पात्र व्यक्तियों, संस्थाओं एवं नागरिकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए अपर जिला अधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के. के. मिश्रा ने बताया कि उत्तराखण्ड शासन के मंत्रिपरिषद अनुभाग से प्राप्त निर्देशों के अनुसार भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन एवं संस्तुतियों की प्रक्रिया ऑनलाइन प्रारंभ कर दी गई है। इच्छुक व्यक्ति अथवा संस्थाएं निर्धारित प्रारूप में अपने प्रस्ताव प्रस्तुत कर सकती हैं।

उन्होंने बताया कि पद्म पुरस्कारों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश भारत सरकार के अर्द्धशासकीय पत्र संख्या 1/7/2026-Public दिनांक 12 मार्च, 2026 में निर्धारित किए गए हैं। नामांकन के साथ संबंधित व्यक्ति का पूर्ण परिचय, व्यक्तित्व एवं कृतित्व का विवरण, विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां, समाज एवं राष्ट्र के प्रति योगदान तथा अन्य आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।

इसके अतिरिक्त नामांकित व्यक्ति की उपलब्धियों एवं योगदान का विवरण प्रस्तुत करते हुए अंग्रेजी भाषा में अधिकतम 800 शब्दों का दो पृष्ठीय साइटेशन (Citation) भी संलग्न किया जाना आवश्यक है। यह साइटेशन नामांकित व्यक्ति के कार्यों एवं उपलब्धियों का संक्षिप्त लेकिन प्रभावी विवरण प्रस्तुत करेगा।

अपर जिला अधिकारी ने बताया कि प्राप्त प्रस्तावों को शासन स्तर पर विचारार्थ भेजे जाने हेतु मंत्रिपरिषद विभाग की ई-मेल secy-gopan-ua@nic.in पर केवल Microsoft Office Word Format में प्रेषित किया जाएगा। शासन द्वारा प्रस्ताव प्राप्त करने की अंतिम तिथि 12 जून, 2026 निर्धारित की गई है।

उन्होंने आगे बताया कि शासन की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जनपद स्तर पर आवेदन एवं संस्तुतियां 10 जून, 2026 तक ही जिला कार्यालय, देहरादून में स्वीकार की जाएंगी। निर्धारित समयावधि के पश्चात प्राप्त प्रस्तावों पर विचार नहीं किया जाएगा।

अपर जिला अधिकारी ने सभी पात्र व्यक्तियों, संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा, कला, साहित्य, शिक्षा, विज्ञान, चिकित्सा, खेल, लोक प्रशासन तथा अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं विशिष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों के नाम समय से प्रस्तुत करें, ताकि योग्य व्यक्तित्वों को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों के लिए नामांकित किया जा सके।