समाधान दिवस बना उम्मीद की किरण, आर्थिक संकट झेल रहे परिवारों को मिली मदद

0
5

समाधान दिवस में 4 बच्चों को मुफ्त इलाज, 146 शिकायतों पर कार्रवाई | Dehradun Samadhan Diwas 2026

‘समाधान दिवस’ बना जरूरतमंदों के लिए संबल, चार गंभीर रूप से बीमार बच्चों का होगा मुफ्त इलाज

भू-माफियाओं पर सख्ती के निर्देश, बुजुर्गों के उत्पीड़न मामलों की होगी जांच

जमीन विवाद से लेकर आर्थिक सहायता तक 146 जनसमस्याएं दर्ज, अधिकांश मामलों का मौके पर निस्तारण

देहरादून।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित ‘समाधान दिवस’ एक बार फिर आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच साबित हुआ। सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आर्थिक तंगी और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे कई परिवारों को बड़ी राहत मिली। विशेष रूप से चार ऐसे परिवारों की फरियाद प्रशासन तक पहुंची, जिनके बच्चे सिर में ट्यूमर (रसौली), किडनी रोग और आंतों से जुड़ी गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इन चारों बच्चों को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के अंतर्गत चिन्हित कर उनके संपूर्ण निःशुल्क उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की। इससे आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवारों को बड़ी राहत मिली है और बच्चों के बेहतर उपचार का रास्ता साफ हुआ है।

जिलाधिकारी के दिशा-निर्देशन में आयोजित ‘समाधान दिवस’ की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा ने की। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने भूमि विवाद, अवैध कब्जे, खाता-खतौनी, सीमांकन, अतिक्रमण, जाति प्रमाण-पत्र, सड़क, आवास और आर्थिक सहायता सहित विभिन्न विषयों से जुड़ी 146 शिकायतें एवं जनसमस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।

एडीएम ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

भू-माफियाओं पर होगी सख्त कार्रवाई

ग्राम पंचायत छरबा से पहुंचे एक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि भू-माफियाओं द्वारा सरकारी बंजर भूमि को अवैध रूप से बेचने का प्रयास किया जा रहा है तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर जिलाधिकारी ने पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) और तहसील प्रशासन को तत्काल जांच कर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बुजुर्गों की शिकायत पर प्रशासन हुआ संवेदनशील

समाधान दिवस में जमनीपुर तापड़ निवासी 84 वर्षीय राजकुमार तथा खुड़बुड़ा निवासी 65 वर्षीय जसवंत सिंह ने अपने ही परिजनों द्वारा प्रताड़ित किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। दोनों बुजुर्गों ने आरोप लगाया कि उनके बहू-बेटों ने उनके साथ मारपीट की, घर से बाहर निकाल दिया और संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास किया।

इस संवेदनशील प्रकरण का संज्ञान लेते हुए एडीएम ने संबंधित एसडीएम और सीओ पुलिस को तत्काल जांच कर बुजुर्गों को न्याय दिलाने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

केंद्रीय विद्यालय और सड़क मरम्मत का मुद्दा भी उठा

पूर्व जिला पंचायत सदस्य द्वारा विकासखंड कालसी के सहिया क्षेत्र में भूमि हस्तांतरण के बावजूद केंद्रीय विद्यालय प्रारंभ न होने का मामला उठाया गया। प्रशासन ने बताया कि यह विषय वर्तमान में शासन स्तर पर विचाराधीन है।

वहीं सहस्रधारा मार्ग पर मयूर विहार पुलिस चौकी से कैनाल रोड स्थित पेट्रोल पंप तक क्षतिग्रस्त सड़क और पैच रिपेयर कार्य न होने की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को तत्काल आवश्यक मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए गए।

आर्थिक सहायता और जनकल्याण से जुड़े मामलों पर भी सुनवाई

वाणी विहार निवासी दीपा मेहरा ने आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण अपनी बेटी की स्कूल फीस जमा कराने में सहायता की मांग की। इसी प्रकार नई बस्ती पार्क रोड निवासी मानसिंह ने जलकर (पानी का बिल) माफ किए जाने का अनुरोध किया, जबकि बुजुर्ग सोमदत्त शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराने की मांग रखी।

इन सभी मामलों में संबंधित विभागों को जांच कर पात्रता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता

अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा ने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रमों का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर उसका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासन जनता और सरकार के बीच सेतु की भूमिका निभाते हुए लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कर रहा है।

जनसुनवाई में एडीएम प्रशासन स्मृता परमार, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश तिवारी, एसडीएम रविंद्र ज्वांठा, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, तहसीलदार सुरेन्द्र देव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।