Bailey Bridge Collapse: तमक नाले पर ह्यूम पाइप डालकर मार्ग बहाल, यातायात सुचारु

0
6

Traffic restored at Tamak Nala in Chamoli after a bailey bridge was washed away. Hume pipes were used to create a temporary motor road; rescue operation continues.

तमक नाले में रिकॉर्ड समय में अस्थाई मोटर मार्ग तैयार, वाहनों की आवाजाही हुई सुचारु

ह्यूम पाइप डालकर बहाल किया गया मार्ग, मुख्यमंत्री धामी ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमों को दी बधाई

बेली ब्रिज बहने के बाद युद्धस्तर पर चला मार्ग बहाली अभियान, लापता व्यक्ति की तलाश में दूसरे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

चमोली। नीती घाटी में भारी बारिश के कारण तमक नाला उफान पर आने से क्षतिग्रस्त हुए बेली ब्रिज के बाद बाधित यातायात व्यवस्था को रिकॉर्ड समय में बहाल कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के त्वरित मार्ग बहाली के निर्देशों के बाद जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों ने युद्धस्तर पर कार्रवाई करते हुए तमक नाले में ह्यूम पाइप डालकर अस्थाई मोटर मार्ग तैयार किया। इसके बाद इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही सुचारु हो गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तमक नाले में रिकॉर्ड समय में यातायात बहाल किए जाने पर जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीमों को बधाई दी है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में सड़क एवं यातायात व्यवस्था को जल्द से जल्द सामान्य करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों को पूरी गंभीरता के साथ जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री लगातार लेते रहे स्थिति का अपडेट

तमक नाले में भारी बारिश के बाद बेली ब्रिज बह जाने से नीती घाटी क्षेत्र में आवागमन बाधित हो गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री धामी लगातार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए थे। उन्होंने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप तथा चमोली के जिलाधिकारी से लगातार राहत एवं बचाव कार्यों और मार्ग बहाली की प्रगति की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि प्रभावित क्षेत्र में जल्द से जल्द अस्थाई पुल अथवा वैकल्पिक मार्ग तैयार कर यातायात बहाल किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों और आवश्यक सेवाओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

युद्धस्तर पर शुरू हुआ मार्ग बहाली का कार्य

मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। तमक नाले में जलस्तर और मौसम की चुनौती के बीच सुरक्षित तरीके से मार्ग बहाली का कार्य शुरू किया गया। टीमों ने ह्यूम पाइप डालकर अस्थाई मोटर मार्ग तैयार किया और रिकॉर्ड समय में यातायात के लिए इसे सुचारु कर दिया।

अस्थाई मार्ग तैयार होने से क्षेत्र में आवश्यक वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू हो गई है। प्रशासन द्वारा मार्ग की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि मौसम अथवा नाले के जलस्तर में किसी भी प्रकार के बदलाव की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

लापता व्यक्ति की तलाश में दूसरे दिन भी रेस्क्यू अभियान जारी

तमक नाले में बेली ब्रिज बहने की घटना के बाद लापता हुए एक व्यक्ति की तलाश में दूसरे दिन भी व्यापक सर्च एवं रेस्क्यू अभियान जारी है। जिला प्रशासन, पुलिस, भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) तथा सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीमें संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं।

रेस्क्यू टीमें प्रभावित क्षेत्र के आसपास नदी तटों और संभावित स्थानों पर लगातार गहन तलाशी अभियान चला रही हैं। राहत एवं बचाव कार्य में उपलब्ध संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का उपयोग किया जा रहा है।

मौसम और जलस्तर पर प्रशासन की पैनी नजर

जिला प्रशासन द्वारा तमक नाले और आसपास के प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मौसम की स्थिति तथा नाले के जलस्तर को देखते हुए मौके पर तैनात रेस्क्यू एवं मार्ग बहाली टीमों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन की प्राथमिकता मार्ग से आवागमन को सुरक्षित बनाए रखना और लापता व्यक्ति की तलाश के लिए संचालित रेस्क्यू अभियान को प्रभावी ढंग से जारी रखना है। अधिकारियों द्वारा मौके पर मौजूद टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की

जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अस्थाई मोटर मार्ग से आवागमन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि मौसम की स्थिति और तमक नाले के जलस्तर में संभावित बदलाव को देखते हुए लोग अनावश्यक जोखिम न लें तथा मौके पर तैनात प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीमों द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं और परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक कदम लगातार उठाए जा रहे हैं।