देहरादून पंचायत उपचुनाव 2026: 30 सितंबर से नामांकन, 12 अक्टूबर को मतदान

0
13

Dehradun Panchayat By-Election 2026: Polling on October 12

देहरादून में पंचायत उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित, 30 सितंबर से दाखिल होंगे नामांकन

 

Dehradun Panchayat By-Election 2026 schedule announced. Nominations begin September 30, polling on October 12 and counting on October 14.

 

12 अक्टूबर को मतदान, 14 अक्टूबर को होगी मतगणना; जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के दिए निर्देश

 

 

देहरादून, 27 सितंबर 2026। जनपद देहरादून में ग्राम पंचायतों के रिक्त पदों एवं स्थानों पर उपचुनाव कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड की ओर से जारी अधिसूचना के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) डॉ. आशीष चौहान ने पंचायत उपचुनाव का विस्तृत कार्यक्रम घोषित कर दिया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 सितंबर और 1 अक्टूबर 2026 को नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। नामांकन पत्र जमा करने का समय प्रातः 10 बजे से अपराह्न 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।

3 अक्टूबर को होगी नामांकन पत्रों की जांच

जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्रों की जांच 3 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से कार्य समाप्ति तक की जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थी 4 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे।

नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 5 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से कार्य समाप्ति तक अभ्यर्थियों को निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा।

 

12 अक्टूबर को मतदान, 14 अक्टूबर को मतगणना

पंचायत उपचुनाव के लिए 12 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से अपराह्न 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 14 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना कार्य समाप्त होने तक जारी रहेगी और इसके बाद निर्वाचन परिणाम घोषित किए जाएंगे।

अधिकारियों को समय से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा मतदान और मतगणना के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने को कहा है।

जनपद में ग्राम पंचायतों के रिक्त पदों एवं स्थानों के लिए उपचुनाव की पूरी प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।