CM धामी ने बोर्ड टॉपर्स से की बात, दी बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं

0
7

CM Pushkar Singh Dhami Congratulates Uttarakhand Board Toppers | High School & Intermediate Results 2026

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर (नैनीताल) द्वारा घोषित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को दूरभाष के माध्यम से बधाई दी। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके परिश्रम और उपलब्धियों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने हाईस्कूल परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों—एम.पी. हिन्दू इंटर कॉलेज, रामनगर के अक्षत गोपाल, एस.वी.एम. इंटर कॉलेज, चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी) के इशांत कोठारी, जी.बी. पंत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, खैरना (नैनीताल) की भूमिका और विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मंडलसेरा (बागेश्वर) के योगेश जोशी—से फोन पर संवाद कर उन्हें विशेष रूप से शुभकामनाएं दीं और उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।

इसी क्रम में इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों—सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, बागेश्वर की गीतिका पंत, भंजूराम अमर इंटर कॉलेज, भूरारानी (उधमसिंह नगर) की सुशीला मेंदीरत्ता, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास ऋषिकेश के आर्यन तथा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मायापुर (हरिद्वार) की वंशिका—को भी मुख्यमंत्री ने दूरभाष पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनके कठोर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का प्रतिफल है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों के योगदान को भी सराहा और कहा कि उनके मार्गदर्शन से ही छात्र-छात्राएं इस स्तर की उपलब्धियां हासिल कर पाते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें, निरंतर मेहनत करें और आगे बढ़ते हुए राज्य व देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए लगातार प्रयासरत है और मेधावी विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।