Uttarakhand Weather Alert: SDRF, NDRF और जिला प्रशासन 24×7 रहें तैयार—सीएम धामी

0
5

Uttarakhand Heavy Rain Alert: CM Dhami Orders High Alert for All Disaster Response Agencies

सभी एजेंसियां पूरी तरह सतर्क रहें, जनहानि रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री धामी

भारी वर्षा और मौसम विभाग के अलर्ट के बीच मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के दिए निर्देश

देहरादून, 05 अगस्त 2026।
प्रदेश में लगातार हो रही भारी वर्षा तथा आगामी दिनों के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी मौसम चेतावनियों के मद्देनज़र मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार सुबह सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से दूरभाष पर बातचीत कर राज्य के विभिन्न जनपदों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को पूर्ण सतर्कता के साथ कार्य करने तथा हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में जनहानि को रोकना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF), राष्ट्रीय आपदा प्रतिवादन बल (NDRF), जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन सेवा, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ 24 घंटे अलर्ट मोड में रहें और किसी भी आपात स्थिति में बिना किसी विलंब के राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने, नदियों एवं बरसाती नालों के जलस्तर पर सतत नजर बनाए रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर जोखिम वाले क्षेत्रों से लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री धामी ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक जिले का जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) चौबीसों घंटे सक्रिय रहे और किसी भी घटना की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी संवेदनशीलता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

गुरुवार के लिए तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार के लिए देहरादून, चमोली और बागेश्वर जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि राज्य के शेष जनपदों में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। विभाग के अनुसार कई स्थानों पर तीव्र वर्षा, आकाशीय बिजली गिरने तथा तेज हवाएं चलने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) से पूरे प्रदेश की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

नागरिकों और पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील

सचिव विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों और उत्तराखंड आए पर्यटकों से अपील की कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों को गंभीरता से लें और अनावश्यक यात्रा से बचें। यदि यात्रा करना अत्यंत आवश्यक हो, तो प्रस्थान से पहले मौसम एवं सड़क मार्ग की ताज़ा जानकारी अवश्य प्राप्त करें।

उन्होंने लोगों से यह भी आग्रह किया कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन एवं अधिकृत सरकारी माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही विश्वास करें। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

आपदा से निपटने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार

सचिव ने कहा कि राज्य सरकार की सभी आपदा प्रबंधन एजेंसियां किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों, मशीनरी और प्रशिक्षित राहत दलों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। सरकार लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।