उत्तराखंड में भारी बारिश का हाई अलर्ट: 19 जुलाई को 3 जिलों में रेड अलर्ट, SEOC ने जारी किए विशेष निर्देश

0
8

Uttarakhand Heavy Rain Alert: IMD Red Alert, SEOC Issues Emergency Advisory

 

भारी वर्षा को लेकर उत्तराखंड में हाई अलर्ट, एसईओसी ने सभी जिलों को जारी किए विशेष निर्देश

 

19 जुलाई को तीन जिलों में रेड अलर्ट, लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील

देहरादून, 18 जुलाई 2026। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून द्वारा उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में आगामी दिनों के दौरान भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तीव्र वर्षा की चेतावनी जारी किए जाने के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। राज्य स्तर पर 18 से 22 जुलाई तक मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए व्यापक एहतियाती एवं आपदा प्रबंधन तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

एसईओसी द्वारा जारी पत्र में जिलाधिकारियों को संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी रखने, जिला आपदा परिचालन केंद्रों (DDOC) को 24×7 सक्रिय रखने तथा राहत एवं बचाव दलों को पूर्ण रूप से तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, सड़कों पर संभावित अवरोधों को शीघ्र हटाने के लिए जेसीबी, पोकलेन सहित आवश्यक मशीनरी एवं संसाधनों की अग्रिम तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।

19 जुलाई को तीन जिलों में रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने 19 जुलाई के लिए नैनीताल, चम्पावत और ऊधमसिंह नगर जिलों में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।

इसके अलावा देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तीव्र वर्षा की संभावना के चलते ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

20 जुलाई को देहरादून, हरिद्वार और टिहरी में रेड अलर्ट

20 जुलाई को देहरादून, हरिद्वार और टिहरी के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ कहीं-कहीं अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अतिरिक्त देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, टिहरी, उत्तरकाशी और पौड़ी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा।

21 और 22 जुलाई का पूर्वानुमान

21 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी वर्षा तथा आकाशीय बिजली के साथ तीव्र वर्षा की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं टिहरी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चमोली और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट रहेगा।

22 जुलाई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी वर्षा की संभावना के मद्देनजर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इस अवधि में राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना भी व्यक्त की है।

एसईओसी ने दिए विशेष निर्देश

सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने, राहत एवं बचाव एजेंसियों को अलर्ट मोड में रखने, भूस्खलन संभावित मार्गों पर मशीनरी उपलब्ध रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने प्रदेशवासियों, चारधाम यात्रियों और पर्यटकों से अपील की कि मौसम विभाग की चेतावनियों का गंभीरता से पालन करें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें। यात्रा से पहले मौसम और सड़क की ताज़ा स्थिति की जानकारी अवश्य लें। भारी वर्षा के दौरान नदी-नालों, गदेरों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा भूस्खलन संभावित स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें।

किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचित करें। सहायता के लिए 112, 1070 तथा 1077 हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।