Ramnagar–Dehradun Express Launched | CM Dhami Flags Off New Uttarakhand Train Service
रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू, मुख्यमंत्री धामी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया वर्चुअल फ्लैग ऑफ
देहरादून। उत्तराखंड की रेल कनेक्टिविटी को नई मजबूती देते हुए शनिवार को रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा का नियमित संचालन शुरू हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से संयुक्त रूप से इस नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। फिलहाल यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन संचालित होगी, जबकि यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इसे प्रतिदिन चलाने की संभावना जताई गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे उत्तराखंड की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह रेल सेवा केवल परिवहन का नया साधन नहीं, बल्कि कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के बीच विकास, संपर्क और आर्थिक अवसरों की नई जीवनरेखा साबित होगी।
मुख्यमंत्री ने इस नई रेल सेवा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तराखंड में रेलवे अवसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि रामनगर से देहरादून तक संचालित होने वाली यह ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होकर चलेगी। इससे कुमाऊं और गढ़वाल के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को भी सीधी और सुविधाजनक रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस रेल सेवा से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों, पर्यटकों और आम यात्रियों को सुरक्षित, किफायती और समयबद्ध यात्रा का लाभ मिलेगा, जिससे क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे आधुनिक तकनीक, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं के नए युग में प्रवेश कर चुकी है। वंदे भारत और नमो भारत जैसी अत्याधुनिक ‘मेड इन इंडिया’ ट्रेनों ने भारत की तकनीकी क्षमता और आत्मनिर्भरता को नई पहचान दी है। साथ ही रेलवे हरित तकनीकों और आधुनिक प्रणालियों को भी तेजी से अपना रही है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड की महत्वाकांक्षी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना अंतिम चरण में है, जिसके पूरा होने से धार्मिक पर्यटन, आर्थिक विकास और चारधाम क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य को पहले ही दो वंदे भारत ट्रेनों की सौगात मिल चुकी है और वर्ष 2026-27 के लिए उत्तराखंड को रेलवे अवसंरचना विकास हेतु रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट मिला है। वर्तमान में राज्य में करीब 39 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं पर कार्य जारी है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है तथा डबल इंजन सरकार उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है।
यात्रियों की संख्या बढ़ी तो प्रतिदिन चलेगी ट्रेन: अश्विनी वैष्णव
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल देश के सर्वांगीण विकास की मजबूत आधारशिला बन रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में रेल संपर्क को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार लगातार नई रेल सेवाएं और अवसंरचना परियोजनाएं शुरू कर रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस क्षेत्रीय संपर्क, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि यदि यात्रियों की संख्या अपेक्षा के अनुरूप बढ़ती है तो इस ट्रेन का संचालन सप्ताह में दो दिन से बढ़ाकर प्रतिदिन किया जाएगा।
रेल मंत्री ने कहा कि यह नई रेल सेवा गढ़वाल और कुमाऊं के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करेगी।
अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड में रेलवे विस्तार को लेकर राज्य सरकार का सक्रिय सहयोग मिला है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 से अब तक उत्तराखंड को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने वाली 20 प्रमुख नई एवं विस्तारित नियमित रेल सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं।
इसके साथ ही राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिकीकरण किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
वर्ष 2023 के बाद शुरू हुई प्रमुख रेल सेवाएं
रेल मंत्रालय के अनुसार उत्तराखंड से शुरू या विस्तारित प्रमुख रेल सेवाओं में शामिल हैं—
- देहरादून–आनंद विहार टर्मिनल वंदे भारत एक्सप्रेस
- देहरादून–लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस
- योग नगरी ऋषिकेश–प्रयागराज एक्सप्रेस
- योग नगरी ऋषिकेश–मालदा टाउन (वीरभूमि) एक्सप्रेस
- योग नगरी ऋषिकेश–यशवंतपुर (बेंगलुरु) एक्सप्रेस
- देहरादून–बनारस एक्सप्रेस
- देहरादून–सुभेदारगंज (प्रयागराज) एक्सप्रेस
- हरिद्वार–गोरखपुर एक्सप्रेस
- हरिद्वार–अमृतसर एक्सप्रेस
- टनकपुर–दिल्ली सेवा (पूर्णागिरि जनशताब्दी का विस्तार)
- लालकुआं–राजकोट एक्सप्रेस
- लालकुआं–कोलकाता एक्सप्रेस
- काठगोदाम–जैसलमेर एक्सप्रेस
- काठगोदाम–बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस
- देहरादून–कोटा एक्सप्रेस
- हरिद्वार–लोकमान्य तिलक टर्मिनस सेवा
- लालकुआं–किशनगंज एक्सप्रेस
- टनकपुर–नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस
- तथा नई रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा।
कार्यक्रम में रहे मौजूद
इस अवसर पर वर्चुअल माध्यम से हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, अरविंद पांडे, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम से जुड़े। नई रेल सेवा के शुभारंभ को प्रदेश में बेहतर रेल संपर्क और समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





