सहसपुर में एसआईआर अभियान का डीएम आशीष चौहान ने किया निरीक्षण, बोले- कोई पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे

0
9

Sahaspur SIR Drive: Dehradun DM Reviews Polling Booths & Voter List Revision

सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर अभियान का जिलाधिकारी ने लिया जायजा, पोलिंग बूथों का किया स्थलीय निरीक्षण

दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण में पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर, बोले—कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे

देहरादून।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पोलिंग बूथों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बूथों पर मतदाता सूची से संबंधित दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण के लिए आयोजित विशेष शिविरों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष, सुगम एवं समयबद्ध तरीके से संपादित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से एसआईआर अभियान के अंतर्गत प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की संख्या, उनके सत्यापन की स्थिति तथा अब तक किए गए निस्तारण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अभिलेखों एवं दस्तावेजों के रखरखाव की भी समीक्षा की और निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं तथ्यात्मक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता और पारदर्शिता से सीधे जुड़ा हुआ है। ऐसे में प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता और गंभीरता के साथ करें।

उन्होंने कहा कि प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के सत्यापन के दौरान सभी निर्धारित नियमों और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए। किसी भी आवेदन के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो तथा लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बूथों पर नागरिकों को उपलब्ध हों सभी आवश्यक सुविधाएं

जिलाधिकारी ने शिविरों में आने वाले नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने के लिए आवश्यक प्रपत्र, अभिलेख तथा अन्य सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहनी चाहिए, ताकि किसी नागरिक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही, बूथों पर आने वाले नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, संशोधन अथवा अन्य दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की प्रक्रिया के संबंध में स्पष्ट एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा।

दैनिक समीक्षा और प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश

डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि एसआईआर अभियान के दौरान प्राप्त प्रत्येक आवेदन का तथ्यात्मक, निष्पक्ष एवं नियमसम्मत सत्यापन किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रगति की दैनिक समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही, लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी दावों एवं आपत्तियों पर नियमानुसार कार्रवाई पूरी हो।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एसआईआर अभियान के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता बनाए रखते हुए नागरिकों का विश्वास कायम रखा जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अधिक विश्वसनीय बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट देहरादून राकेश तिवारी, निर्वाचन से जुड़े अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।