मुख्यमंत्री धामी ने पिथौरागढ़ में उच्चीकृत क्रिकेट मैदान का किया लोकार्पण, खिलाड़ियों संग खेलकर बढ़ाया उत्साह

0
6

CM Dhami Inaugurates Upgraded Cricket Ground in Pithoragarh, Announces Floodlights

 

मुख्यमंत्री धामी ने पिथौरागढ़ को समर्पित किया उच्चीकृत क्रिकेट मैदान, खिलाड़ियों संग मैदान में उतरकर बढ़ाया युवाओं का उत्साह

पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने शुक्रवार को अपने पिथौरागढ़ जनपद भ्रमण के दौरान सुरेन्द्र सिंह वल्दिया स्टेडियम पहुंचकर उच्चीकृत क्रिकेट मैदान का लोकार्पण किया और इसे जनपदवासियों को समर्पित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वयं खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतरकर क्रिकेट, फुटबॉल और हॉकी खेलते हुए युवाओं का उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री धामी ने क्रिकेट पिच पर बल्लेबाजी करते हुए छह गेंदों का ओवर खेलकर मैदान का औपचारिक उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री का खिलाड़ियों के साथ आत्मीय और उत्साहपूर्ण अंदाज कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। मैदान में उपस्थित युवाओं और खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री के साथ खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों एवं युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सशक्त आधार भी हैं। उन्होंने कहा कि युवा ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है और राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर युवाओं को नशे के खिलाफ शपथ भी दिलाई। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर होने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि खेल स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नौ खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में अपार प्रतिभा है और उन्हें उचित मंच एवं संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ जैसे आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की नई खेल नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि उदीयमान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए हर संभव सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित करने, प्रशिक्षण सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ सहित राज्य के विभिन्न जनपदों में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है ताकि युवाओं को अपने ही क्षेत्र में आधुनिक खेल संसाधन उपलब्ध हो सकें। मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि सुरेन्द्र सिंह वल्दिया स्टेडियम स्थित क्रिकेट मैदान में शीघ्र ही चारों ओर फ्लड लाइट की व्यवस्था की जाएगी, जिससे खिलाड़ियों को रात्रिकालीन अभ्यास और प्रतियोगिताओं की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, खेल प्रेमी तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं युवा उपस्थित रहे।