Rail Connectivity Uttarakhand: बनबसा रेलवे स्टेशन पर अब रुकेगी अछनेरा-टनकपुर एक्सप्रेस

0
6

Banbasa Railway Station Gets Achhnera–Tanakpur Express Halt | Uttarakhand News

बनबसा रेलवे स्टेशन पर अब रुकेगी अछनेरा-टनकपुर एक्सप्रेस, रेल मंत्री ने दी मंजूरी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का आभार, सीमांत क्षेत्र के यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

देहरादून, 06 अगस्त 2026।

उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात के रूप में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर बनबसा रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 15093/15094 अछनेरा–टनकपुर एक्सप्रेस के नियमित ठहराव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। रेल मंत्रालय की ओर से इस संबंध में मुख्यमंत्री को आधिकारिक पत्र भेजकर निर्णय की जानकारी दी गई है।

मुख्यमंत्री द्वारा बनबसा रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन के ठहराव की मांग जनसुविधा और क्षेत्रीय आवश्यकता को देखते हुए की गई थी। रेल मंत्रालय ने इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए अछनेरा–टनकपुर एक्सप्रेस के नियमित ठहराव को मंजूरी दे दी है। इससे चंपावत जनपद सहित सीमांत क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड के विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बनबसा रेलवे स्टेशन पर अछनेरा–टनकपुर एक्सप्रेस के ठहराव से सीमांत क्षेत्र के निवासियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, सैनिक परिवारों, नौकरीपेशा लोगों तथा धार्मिक यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि यह निर्णय कुमाऊँ मंडल की रेल कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूत करेगा तथा स्थानीय लोगों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराएगा। बनबसा नेपाल सीमा से सटा एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है, इसलिए यहां ट्रेन के ठहराव से सीमा क्षेत्र के यात्रियों को भी उल्लेखनीय लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड में रेलवे नेटवर्क का लगातार विस्तार हो रहा है और भविष्य में भी राज्य के विभिन्न क्षेत्रों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इसी प्रकार के प्रयास जारी रहेंगे।

यह निर्णय सीमांत क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास, सुगम परिवहन और जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।