CM Pushkar Singh Dhami inspected the Nanda Ki Chowki Bridge approach road.
नंदा की चौकी पुल के एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण कार्य का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण
भाऊवाला से लौटते समय प्रेमनगर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, निर्माण गुणवत्ता, सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का लिया जायजा
देहरादून, 10 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सहसपुर के भाऊवाला में आयोजित महिला संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम से लौटते समय प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी पुल के एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा यातायात संचालन की स्थिति का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं से एप्रोच रोड के क्षतिग्रस्त होने के कारणों, पुनर्निर्माण के दौरान अपनाई गई व्यवस्थाओं और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने तथा सड़क की मजबूती और दीर्घकालिक उपयोगिता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि नंदा की चौकी पुल के एप्रोच रोड के क्षतिग्रस्त होने की सूचना प्राप्त होते ही राज्य सरकार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को राहत एवं पुनर्निर्माण कार्य तेजी से शुरू करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देशन में अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों ने युद्धस्तर पर कार्य करते हुए क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड का पुनर्निर्माण महज 12 घंटे के भीतर पूरा कर लिया।
तेजी से किए गए इस पुनर्निर्माण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को शीघ्र सामान्य करने में मदद मिली और स्थानीय नागरिकों, यात्रियों तथा अन्य वाहन चालकों को होने वाली संभावित असुविधा को कम किया जा सका।
मुख्यमंत्री धामी ने पुनर्निर्माण कार्य में जुटे अधिकारियों, अभियंताओं, तकनीकी कर्मचारियों एवं अन्य कार्मिकों के त्वरित और समर्पित प्रयासों की सराहना की।





