Uttarakhand UP Asset Dispute: CM धामी ने योगी आदित्यनाथ से की मुलाकात, उत्तराखण्ड-UP के परिसंपत्ति विवादों पर हुई अहम चर्चा

0
6

CM Dhami Meets Yogi Over UP-Uttarakhand Asset Disputes

 

उत्तराखण्ड-UP के लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान पर CM धामी और योगी आदित्यनाथ के बीच अहम बैठक

 

Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami met UP CM Yogi Adityanath in Lucknow to discuss pending asset disputes, Banbasa Barrage repairs and bridge strengthening.

 

बनबसा बैराज, नगरा बाईपास नहर और पुराने पुलों की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण के मुद्दे को मुख्यमंत्री धामी ने प्रमुखता से उठाया

 

दोनों राज्यों के बीच आपसी समन्वय से परिसंपत्ति बंटवारे और हस्तांतरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों का हो चुका है निस्तारण

 

लखनऊ। उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश के बीच लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान तथा विभिन्न विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच सिंचाई विभाग समेत विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित परिसंपत्ति मामलों, पूर्व में बनी सहमतियों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

 

बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विशेष रूप से बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत का मुद्दा उठाया। इसके साथ ही झनकैया पुल और सूखा पुल सहित सिंचाई विभाग के अधीन आने वाले पुराने एवं जर्जर पुलों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और आवश्यकता के अनुसार पुनर्निर्माण पर भी जोर दिया। उन्होंने इन कार्यों को जनसुरक्षा, सुगम आवागमन और स्थानीय विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का आग्रह किया।

 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत के साथ-साथ पुराने पुलों का सुदृढ़ीकरण क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक है। इन कार्यों के शीघ्र पूरा होने से स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, आवागमन सुगम बनेगा और किसानों को सिंचाई संबंधी सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा।

 

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि संबंधित परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के लिए उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश के सिंचाई विभागों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखना जरूरी है।

 

बैठक में सिंचाई विभाग के अलावा अन्य विभागों से संबंधित परिसंपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण और लंबे समय से लंबित प्रकरणों पर भी विचार-विमर्श हुआ। दोनों मुख्यमंत्रियों ने पूर्व में विभिन्न स्तरों पर बनी सहमतियों के अनुरूप हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने और लिए गए निर्णयों को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने पर बल दिया।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश के बीच सकारात्मक संवाद, आपसी सहयोग और निरंतर समन्वय के परिणामस्वरूप परिसंपत्तियों के बंटवारे से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों का समाधान किया जा चुका है। पूर्व में बनी सहमति के आधार पर अनेक प्रकरणों में आवश्यक कार्यवाही भी पूरी हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि शेष लंबित मामलों का भी दोनों राज्य सरकारें आपसी सहमति और सहयोग से शीघ्र निस्तारण करेंगी।

 

मुख्यमंत्री धामी ने परिसंपत्ति संबंधी विभिन्न मामलों के समाधान में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से मिल रहे सहयोग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच बेहतर तालमेल और सकारात्मक कार्यप्रणाली के माध्यम से जनहित से जुड़े लंबित विषयों का समाधान करने के प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।