गूलर घाटी बस हादसा: सीएम धामी ने घायलों का जाना हाल, मृतकों के परिजनों को 2 लाख की सहायता

0
13

Guler Valley Bus Accident: CM Dhami Announces Relief

 

गूलर घाटी बस हादसा: मुख्यमंत्री धामी ने एम्स ऋषिकेश पहुंचकर घायलों का जाना हाल, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख की सहायता

 

Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami visited AIIMS Rishikesh to meet Guler Valley bus accident victims. ₹2 lakh for families of deceased, ₹1 lakh for seriously injured.

 

गंभीर घायलों को 1 लाख और सामान्य घायलों को 40 हजार रुपये तक की आर्थिक मदद देने के निर्देश

 

देहरादून/ऋषिकेश, 17 नवंबर 2026। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जनपद के गूलर घाटी क्षेत्र में हुए दर्दनाक बस हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को एम्स ऋषिकेश पहुंचकर दुर्घटना में घायल यात्रियों का हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल में उपचाराधीन घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान चिकित्सकों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति, उपचार की प्रगति और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन एवं चिकित्सकों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और जरूरत के अनुसार सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

 

मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता घोषित

बस दुर्घटना में प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को 1 लाख रुपये तथा सामान्य रूप से घायल व्यक्तियों को 40 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल और संभागीय परिवहन अधिकारी, देहरादून को निर्देशित किया कि सभी प्रभावितों तक राहत राशि शीघ्र पहुंचाई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि घायलों के उपचार की निरंतर निगरानी की जाए तथा दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

 

प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है राज्य सरकार: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गूलर घाटी बस दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत दुःखद है और राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं उपचार संबंधी व्यवस्थाओं में तत्परता बरतने और पीड़ितों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।