CM Dhami Pays Tribute to Former Uttarakhand CM BC Khanduri in Dehradun

पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
बसंत विहार स्थित आवास पहुंचकर परिजनों को बंधाया ढांढस, कहा— उत्तराखंड ने खोया एक ईमानदार और दूरदर्शी जननेता
देहरादून, 19 मई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को देहरादून के बसंत विहार स्थित आवास पहुंचकर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। छत्तीसगढ़ प्रवास से लौटने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री सीधे स्वर्गीय खंडूरी के निवास पहुंचे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें विनम्र नमन किया।
मुख्यमंत्री धामी ने शोक संतप्त परिवारजनों से भेंट कर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में उन्हें धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी सहित परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर सांत्वना दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी का संपूर्ण जीवन अनुशासन, राष्ट्रसेवा, ईमानदारी और जनकल्याण के आदर्शों को समर्पित रहा। भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवाएं देने के बाद उन्होंने राजनीति और सार्वजनिक जीवन में भी उच्च मानदंड स्थापित किए। उन्होंने कहा कि खंडूरी ने अपने कार्यों और विचारों से उत्तराखंड की राजनीति को नई दिशा देने का कार्य किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य के विकास, सुशासन और पारदर्शी प्रशासन की मजबूत नींव रखने में स्वर्गीय खंडूरी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अपने कार्यकाल में उन्होंने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक दूरदर्शी और जनकल्याणकारी निर्णय लिए, जिनका लाभ आज भी प्रदेशवासियों को मिल रहा है। उनकी सादगी, कार्यशैली और प्रशासनिक दक्षता सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय खंडूरी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि अनुशासित सैनिक, कुशल प्रशासक और जनप्रिय नेता थे। उनका निधन उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार और समर्थकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





