भुवन चंद्र खंडूड़ी का निधन: 3 दिन का राजकीय शोक, 20 मई को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार | Ex-CM Khanduri Death
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन पर राज्य सरकार ने 19 से 21 मई तक तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। 20 मई को उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ होगा और सार्वजनिक अवकाश भी रहेगा।
DEHRADUN: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन पर प्रदेशभर में शोक की लहर है। राज्य सरकार ने उनके सम्मान में 19 मई से 21 मई तक तीन दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है। इस दौरान राज्य में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा तथा कोई भी सरकारी सांस्कृतिक एवं मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।
राज्य सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी का अंतिम संस्कार 20 मई को पूरे राजकीय एवं पुलिस सम्मान के साथ सम्पन्न किया जाएगा। उनके सम्मान में बुधवार, 20 मई को प्रदेशभर में सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया गया है।
मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवाएं देने के बाद सक्रिय राजनीति में आए और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में राज्य के विकास, सुशासन और पारदर्शिता को नई दिशा दी। उनकी सादगी, ईमानदार छवि और अनुशासित कार्यशैली ने उन्हें जनता के बीच विशेष पहचान दिलाई।
प्रदेश के विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक संगठनों ने उनके निधन को राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। मुख्यमंत्री सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया है।





