CM Dhami Meets Mohan Yadav in Jagdalpur, Invites Him for Char Dham Yatra
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें दोनों नेताओं के बीच विभिन्न समसामयिक मुद्दों और विकास से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को देवभूमि उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा के लिए औपचारिक आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की चारधाम यात्रा न केवल आध्यात्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का भी महत्वपूर्ण प्रतीक है। मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश में तीर्थयात्रियों की सुविधाओं के लिए किए जा रहे विकास कार्यों और व्यवस्थाओं की भी जानकारी साझा की।
बैठक के दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच राज्यों के विकास, पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। दोनों नेताओं ने आपसी सहयोग और समन्वय को और मजबूत बनाने पर बल दिया।





