Dehradun News: 444 ड्रॉपआउट छात्राओं का चिन्हीकरण, 112 का स्कूल में दाखिला

0
11

Dehradun: 112 Dropout Girls Re-Enrolled in Schools

जिला प्रशासन के प्रयासों से 112 ड्रॉपआउट छात्राओं को मिला स्कूल में दाखिला

 

बालिकाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए डीएम डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर विशेष अभियान जारी

 

Dehradun administration has identified 444 dropout girls, re-enrolled 112 and is working to bring 111 more back to school.

 

अब तक 444 ड्रॉपआउट छात्राओं का चिन्हीकरण, दूसरे चरण में 111 बालिकाओं के पुनः प्रवेश की प्रक्रिया

 

पारिवारिक, आर्थिक या अन्य परिस्थितियों के कारण कोई भी बालिका शिक्षा से वंचित न रहेः डीएम

देहरादून, 23 सितंबर 2026। जनपद देहरादून में शिक्षा से वंचित एवं स्कूल छोड़ चुकी बालिकाओं को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर शिक्षा विभाग के सहयोग से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अब तक 444 ड्रॉपआउट छात्राओं का चिन्हीकरण किया जा चुका है। इनमें से पहले चरण में 112 छात्राओं का विद्यालयों में दाखिला कराया जा चुका है, जबकि दूसरे चरण में 111 और बालिकाओं को स्कूल से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है।

 

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पारिवारिक समस्याओं, आर्थिक कठिनाइयों अथवा अन्य सामाजिक एवं व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण किसी भी बालिका की पढ़ाई बाधित न हो। उन्होंने कहा कि ऐसी सभी बालिकाओं का प्राथमिकता के आधार पर चिन्हीकरण करते हुए उनकी आयु एवं शैक्षणिक स्तर के अनुरूप विद्यालय में पुनः प्रवेश सुनिश्चित किया जाए।

 

डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान को केवल ड्रॉपआउट छात्राओं के चिन्हीकरण तक सीमित न रखा जाए, बल्कि प्रत्येक बालिका की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त कर उसे दोबारा विद्यालय से जोड़ने की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से पूरी की जाए। इसके लिए आवश्यकता के अनुसार संबंधित परिवारों से संवाद और समन्वय स्थापित करते हुए बालिकाओं को अपनी शिक्षा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य उन बालिकाओं को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है, जिनकी पढ़ाई किसी पारिवारिक, आर्थिक, सामाजिक अथवा अन्य परिस्थिति के कारण बीच में छूट गई है। पहले चरण में 112 छात्राओं का विद्यालयों में दाखिला कराया जाना इस अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। वहीं, दूसरे चरण में चिन्हित 111 छात्राओं को भी जल्द विद्यालय से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

 

जिला प्रशासन के अनुसार, ड्रॉपआउट बालिकाओं को दोबारा स्कूल से जोड़ने से उन्हें अपनी शिक्षा पूरी करने का अवसर मिलेगा। इससे उनके आत्मनिर्भर बनने, कौशल विकसित करने और भविष्य के बेहतर अवसरों तक पहुंच बनाने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।

 

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनपद में शिक्षा से जुड़ने की इच्छुक प्रत्येक बालिका को विद्यालय तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए शिक्षा विभाग सहित संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।