IIM Kashipur Dehradun Campus: Bhoomi Pujan Held by Chief Secretary

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने किया आईआईएम काशीपुर के देहरादून कैंपस का भूमिपूजन
Chief Secretary Anand Bardhan performed Bhoomi Pujan for IIM Kashipur’s Dehradun campus, which will expand access to quality management education.
देहरादून में आईआईएम काशीपुर का कैंपस खुलने से युवाओं को मैनेजमेंट शिक्षा के क्षेत्र में मिलेंगे बेहतर अवसर
उच्च स्तरीय शैक्षणिक संस्थानों की उपलब्धता से प्रदेश के युवाओं को अपनी प्रतिभा और क्षमताओं को विकसित करने में मिलेगी मदद: मुख्य सचिव

देहरादून।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को देहरादून में भारतीय प्रबन्धन संस्थान (आईआईएम) काशीपुर के प्रस्तावित देहरादून कैंपस का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने देहरादून में आईआईएम काशीपुर का कैंपस स्थापित होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश के युवाओं के लिए उच्च गुणवत्ता वाली प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण अवसर बताया।
मुख्य सचिव ने कहा कि देहरादून में आईआईएम काशीपुर का कैंपस स्थापित होने से उत्तराखण्ड सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मैनेजमेंट के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। कैंपस के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में प्रबंधन से संबंधित विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययन करने की सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। प्रदेश में उच्च स्तरीय शैक्षणिक संस्थानों की उपलब्धता बढ़ने से युवाओं को अपनी प्रतिभा को निखारने, आधुनिक ज्ञान एवं कौशल हासिल करने तथा शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों का लाभ उठाने में मदद मिलेगी।
मुख्य सचिव ने कहा कि देहरादून लंबे समय से देश के प्रमुख शैक्षणिक केंद्रों में अपनी पहचान बनाए हुए है। ऐसे प्रतिष्ठित संस्थान की मौजूदगी से प्रदेश के शैक्षणिक वातावरण को और मजबूती मिलेगी तथा विद्यार्थियों को प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल प्राप्त होगा।
उन्होंने आईआईएम काशीपुर के देहरादून कैंपस की स्थापना से जुड़े कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर आईआईएम काशीपुर के निदेशक प्रो. नीरज द्विवेदी, कार्यदायी संस्था सीपीडब्ल्यूडी देहरादून के मुख्य अभियंता देवेंद्र प्रकाश सहित संबंधित विभागों एवं आईआईएम काशीपुर के अधिकारी उपस्थित रहे।






