समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं 109 शिकायतें, अधिकांश मामलों का मौके पर निस्तारण

0
4

Dehradun Samadhan Diwas: DM Ashish Chauhan Resolves 109 Public Grievances, Orders Immediate Action

समाधान दिवस में डीएम ने 109 शिकायतों की सुनी फरियाद, अधिकांश मामलों का मौके पर हुआ निस्तारण

75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की सुरक्षा से लेकर बस सेवा, मुआवजा, पेयजल और भूमि विवादों तक हर मुद्दे पर डीएम ने दिए सख्त निर्देश

अधिकारियों को समयबद्ध, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश, सीएम पोर्टल की शिकायतों पर भी त्वरित कार्रवाई के आदेश

देहरादून, 03 अगस्त 2026।

जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समाधान दिवस में बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं। जनसुनवाई के दौरान कुल 109 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, सीमांकन, पारिवारिक विवाद, ऋण माफी, मुआवजा, आर्थिक सहायता, पेयजल, परिवहन, अतिक्रमण और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े मामलों पर विस्तार से सुनवाई की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण संवेदनशीलता, पारदर्शिता और निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बुजुर्ग महिला की सुरक्षा को प्राथमिकता

जनसुनवाई के दौरान एक अत्यंत संवेदनशील मामला सामने आया। 75 वर्षीय विधवा माया देवी ने जिलाधिकारी को बताया कि कोविड-19 महामारी के दौरान बड़े पुत्र तथा गत वर्ष छोटे पुत्र के निधन के बाद वह अपने पुश्तैनी मकान में अकेली रह गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी नातिन नशे की लत और गलत संगति के कारण अपने एक मित्र के साथ उसी मकान में रह रही है तथा उनका मानसिक और घरेलू उत्पीड़न कर उन्हें घर से बेदखल करने का प्रयास किया जा रहा है।

बुजुर्ग महिला ने अपनी सुरक्षा, सम्मानपूर्वक जीवन और नातिन के पुनर्वास में प्रशासन से सहायता की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने प्रभारी महिला सेल, देहरादून को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए बुजुर्ग महिला की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा प्रकरण की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए।

पारिवारिक संपत्ति विवादों में भी दिए तत्काल निर्देश

विधवा भगवान देई ने शिकायत की कि संपत्ति का बराबर बंटवारा होने के बावजूद छोटा पुत्र एवं बहू बड़े पुत्र के हिस्से की भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं तथा परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। जिलाधिकारी ने मामले में एसडीएम सदर एवं क्षेत्राधिकारी रायपुर को तत्काल जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसी प्रकार कांवली रोड निवासी सुरेन्द्र कुमार ने अपने पुत्र एवं बहू पर मारपीट, अभद्र व्यवहार और धमकी देने का आरोप लगाते हुए बड़े पुत्र को अपनी चल एवं अचल संपत्ति से बेदखल करने की मांग की। इस मामले को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को नियमानुसार कार्रवाई के लिए भेजा गया।

डोईवाला-थानो मार्ग पर बस सेवा नहीं मिलने पर डीएम नाराज

देहरादून-डोईवाला-भानियावाला-जौली-थानो मार्ग पर उत्तराखंड परिवहन निगम, स्मार्ट सिटी अथवा इलेक्ट्रिक बस सेवा उपलब्ध नहीं होने की शिकायत को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एसीईओ) को तलब कर इस मार्ग पर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

लखवाड़ परियोजना के किसानों को अनुदान में देरी पर मांगी रिपोर्ट

विकासखंड कालसी के लूहन गांव के छह कृषक परिवारों ने लखवाड़ बांध परियोजना के अंतर्गत अधिग्रहित कृषि भूमि के बदले मिलने वाले पुनर्स्थापन अनुदान का भुगतान लंबित होने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिशासी अभियंता से तत्काल विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने तथा भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

छह वर्ष बाद भी मुआवजा नहीं मिलने पर जताई नाराजगी

प्रेमनगर निवासी सुनील कुमार ने बताया कि डोईवाला-प्रेमनगर सड़क चौड़ीकरण के दौरान लगभग छह वर्ष पूर्व उनका मकान पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया था, लेकिन अभी तक लोक निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा मुआवजा नहीं दिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पात्रता के अनुसार शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

भूमि पैमाइश, डेयरी अनियमितता और पेयजल समस्याओं पर भी कार्रवाई

बल्लूपुर निवासी रमेश चन्द्र की भूमि पैमाइश संबंधी शिकायत पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं अधोईवाला स्थित आंचल डेयरी परिसर में दुग्ध संघ की कथित अनियमितताओं की शिकायत पर निदेशक डेयरी को उच्चस्तरीय जांच कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

हरिपुर ढकरानी निवासी बाबूराम द्वारा अत्यधिक पेयजल बिल की शिकायत पर अधिशासी अभियंता, जल संस्थान को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

अवैध कब्जों पर सख्ती

सेंट्रल होप टाउन निवासी सहाना प्रवीन ने जमनपुर (सेलाकुई) में बरसाती नाले की सार्वजनिक भूमि तथा रायवाला क्षेत्र की सीलिंग भूमि पर अवैध कब्जे और निर्माण की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों को जांच कर अवैध अतिक्रमण हटाने और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पेयजल संकट और आर्थिक सहायता के मामलों पर भी सुनवाई

वाणी विहार, जैन प्लॉट, रामगढ़ तथा भगत सिंह कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर अधिशासी अभियंता को तत्काल जलापूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए गए।

बनियावाला निवासी विधवा विद्या सिंह ने पति की मृत्यु के बाद आर्थिक संकट का हवाला देते हुए बच्चों की स्कूल फीस माफ कराने एवं रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं नेहरू कॉलोनी निवासी पूनम भटनागर ने भी आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पुत्री की स्कूल फीस माफ कराने की गुहार लगाई। जिलाधिकारी ने दोनों मामलों में संबंधित विभागों को नियमानुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर

समाधान दिवस के समापन पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता, संवेदनशीलता और निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सीएम पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान किया जाए, ताकि नागरिकों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो।

समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) के.के. मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशा.) स्मृता परमार, एसडीएम विनोद कुमार, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।