मुख्यमंत्री धामी ने विकास योजनाओं के लिए ₹5 करोड़ से अधिक की वित्तीय स्वीकृति दी

0
5

CM Dhami Approves ₹5 Crore+ for Temple Beautification & Development Projects in Uttarakhand  

मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास एवं धार्मिक पर्यटन परियोजनाओं के लिए ₹5 करोड़ से अधिक की प्रथम किश्त स्वीकृत की

मंदिर सौंदर्यीकरण, सड़क निर्माण, ग्रामीण सुरक्षा और खेल सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा

देहरादून, 04 अगस्त 2026।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जनपदों में धार्मिक पर्यटन, आधारभूत संरचना, ग्रामीण विकास तथा खेल सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से करीब ₹5 करोड़ की प्रथम किश्त जारी करने की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन स्वीकृतियों के अंतर्गत मंदिरों के सौंदर्यीकरण, मोटर मार्ग निर्माण, ग्रामीण सुरक्षा कार्यों तथा खेल सामग्री क्रय जैसी विभिन्न विकास योजनाओं को गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने जनपद पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में विकासखंड द्वारीखाल के अंतर्गत कठुड़ बड़ा, देवीखाल स्थित माँ बाल कुंवारी माता मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹72.67 लाख की स्वीकृति प्रदान करते हुए प्रथम किश्त के रूप में ₹43.60 लाख जारी करने का अनुमोदन दिया है।

इसी प्रकार विकासखंड दुगड्डा में स्थित महाबगढ़ मंदिर के सौंदर्यीकरण हेतु ₹1.69 करोड़ की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसके सापेक्ष ₹1.02 करोड़ की प्रथम किश्त जारी की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने जनपद पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में श्री हरिचंद देवता मंदिर को मास्टर प्लान के तहत विकसित किए जाने के लिए ₹1.42 करोड़ की स्वीकृति प्रदान करते हुए ₹85.08 लाख की प्रथम किश्त जारी करने का अनुमोदन किया है।

इसके अतिरिक्त पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मिलम स्थित नंदा देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹90.16 लाख की स्वीकृति के सापेक्ष ₹54.09 लाख की प्रथम किश्त जारी की जाएगी।

जनपद अल्मोड़ा के सल्ट विधानसभा क्षेत्र के कलझीपा जोशी स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹99.61 लाख की स्वीकृति प्रदान करते हुए ₹59.76 लाख की प्रथम किश्त जारी करने को मंजूरी दी गई है।

वहीं डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में स्थित मोस्टामानू मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य के लिए पूर्व स्वीकृत ₹98.27 लाख के सापेक्ष अवशेष ₹39.31 लाख की धनराशि जारी करने का भी अनुमोदन मुख्यमंत्री द्वारा प्रदान किया गया है।

धार्मिक स्थलों के विकास के साथ-साथ आधारभूत संरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने जनपद चंपावत के चंपावत विधानसभा क्षेत्र में तामली–रूपालीगाड़–सीम मोटर मार्ग के निर्माण हेतु ₹79.44 लाख की स्वीकृति प्रदान करते हुए ₹47.66 लाख की प्रथम किश्त जारी करने का अनुमोदन किया है।

इसी क्रम में जनपद टिहरी गढ़वाल के नई टिहरी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिलकोट में जंगली जानवरों से फसलों एवं आबादी की सुरक्षा के लिए घेरबाड़, जाल, सुरक्षा दीवार तथा नाकिल नामे से कुएं तक सीसी रेलिंग मार्ग के निर्माण हेतु ₹93.85 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके लिए ₹56.31 लाख की प्रथम किश्त जारी की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने देहरादून के रायपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब को खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खेल सामग्री क्रय के लिए ₹5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने का भी अनुमोदन किया है।

राज्य सरकार का कहना है कि इन वित्तीय स्वीकृतियों से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा, ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसरों को भी मजबूती मिलेगी।